अयोध्या I महामहिम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के 29 अगस्त को जनपद अयोध्या में आगमन की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अनुज कुमार झा व एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने रेलवे पदाधिकारियों के साथ बैठक एवं निरीक्षण करते हुये सभी अधिकारियों को पूरी सजगता के साथ सौंपे गये कार्यो को समय के पूर्व पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि चाहे रेलवे हो या प्रदेश सरकार की कोई संस्था हों उन्हें सौपे गये कार्यो में किसी भी स्तर पर कोई कमी या परेशानी दिखती है तो उसे अपने उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाने के साथ मेरे संज्ञान में लायें उसका हरसंभव त्वरित निस्तारण कराया जायेगा। इस जनपद का सौभाग्य है कि हमारे देश के प्रथम नागरिक राष्ट्रपति का जनपद में आगमन हो रहा है। पूर्व राष्ट्रपति स्व0 एपीजे अब्दुल कलाम के आगमन के पश्चात वर्तमान राष्ट्रपति जी का आगमन हो रहा है जो इस धरा को गौरवान्वित करने वाला क्षण होगा। उनके आगमन एवं स्वागत में किसी प्रकार की कोई कमी न होने पाये इसका प्रयास हम सभी को समन्वित रूप से करना होगा।