कौशाम्बी में चुनावी सभा के दौरान प्रधानमंत्री ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर जमकर बोला हमला
परिवारवादियों के बहकावे में आप लोग अगर आये तो उत्तर प्रदेश विकास की पटरी से उतर जाएगा
वोट के लिए मुस्लिम भाइयों को बहकाने वालों को मुस्लिम बेटियों के दर्द से कोई मतलब नहीं
कौशाम्बी । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि प्रदेश के विकास के लिए डबल इंजन की सरकार बहुत जरूरी है। कुछ परिवारवादी मानसिकता के लोग सत्ता की लालच में आपको गुमराह करने में लगे हैं। अगर आप इनके बहकावे में आये तो प्रदेश फिर दस साल पीछे चला जायेगा। इसलिए आपकी जिम्मेदारी है कि भाजपा और उसके सहयोगी दलों के प्रत्याशियों को जिताकर उत्तर प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनायें। श्री मोदी आज यहां पुलिस लाइन के पीछे स्थित मैदान में भाजपा और सहयोगी दलों के प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और उसके मुखिया अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला। प्रधानमंत्री ने कहाकि यह वे परिवारवादी मानसिकता के लोग हैं जिनके लिए उनका परिवार ही देश और प्रदेश है। याद कीजिए उत्तर प्रदेश में 2017 के पहले क्या हालात थे? कानून का राज समाप्त हो चुका था। विकास के नाम पर सिर्फ एक परिवार का विकास हो रहा था। आप लोगों ने जब से इनको सत्ता से हटाया है तब से यह लोग छटपटा रहे हैं। सत्ता के लिए हर हथकंडे अपना रहे हैं। इनसे सावधान रहने की जरूरत है। यह लोग बदले का भाव लिए बैठे हैं। यह ऐसे लोग हैं जो अपने हित के लिए आपका अहित करने से भी नहीं झिझकते। कोरोना की वैक्सीन खुद चुपके से लगवा लेते हैं और प्रदेश के लोगों को गुमराह करते हैं। मुस्लिम समाज का वोट लेना जानते हैं लेकिन मुस्लिम बेटियों से इनको कोई हमदर्दी नहीं है। तीन तलाक कानून को बेमतलब बताते हैं। यह इनका चरित्र है। प्रधानमंत्री ने कौशाम्बी समेत प्रदेश की कानून व्यवस्था की चर्चा करते हुये कहाकि पूरे पांच साल प्रदेश में कोई साम्प्रदायिक दंगा नहीं हुआ। लोग निडर होकर सड़कों पर निकलते हैं। बहन-बेटियां खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हैं। पांच साल पहले जो लोग आम लोगों को डराते थे आज वे खुद डरे हुए हैं। अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कौशांबी में कल पधारे अखिलेश यादव ने भगवान बुद्ध की प्रतिमा नहीं ली लेकिन चांदी का मुकुट ले लिया। पीएम मोदी ने कहा कि जब मैं यहां आ रहा था तो मुझे अपने मित्र स्वर्गीय सोनेलाल पटेल की भी याद आ रही थी उन्होंने अपना पूरा जीवन गरीब, शोषित, पिछड़े, दलित वर्ग के कल्याण में लगा दिया था। कौशांबी महाभारत, रामायण, पुराणों तक में प्रसिद्ध नगरी है, लेकिन घोर परिवारवादियों के राज में कौशांबी को विकास के लिए तरसा दिया गया। मगर हमारी डबल इंजन की सरकार पूरी ईमानदारी से कौशांबी के विकास में जुटी है। पहले की सरकारों में राशन की दुकानों से गरीब के लिए भेजा गया अनाज, राशन माफिया के पास पहुंच जाता था दुकान के सामने कब राशन बांटने की तारीख लिखी गई, कब राशन खत्म हो गया। यह गरीब को पता ही नहीं चलता था। पहले एक जगह का राशन कार्ड धारक दूसरी जगह राशन नहीं ले सकता था। लेकिन भाजपा सरकार ने ऐसी व्यवस्था कर दी कि राशन कार्ड धारक कही भी राशन ले सकता है। यह सुविधा भाजपा सरकार ने गरीब को दी कि जिससे वो किसी भी राशन की दुकान से अनाज ले सके और अब तो हम वन नेशन-वन राशन कार्ड की सुविधा ले आए हैं। भाजपा सरकार की अनेक योजनाओं से बेटियों का भविष्य संवर रहा है। वो शासन नहीं शोषण करते थे, हमारी सरकार सेवा कर रही है। विपक्षी अपने महल बनाते थे, हमने गरीबों के घर बनाए जबकि वे अपने खानदानी महोत्सव मनाते थे, हमारी सरकार ने दीपोत्सव, और रंगोत्सव मनाया। पीएम ने कहा कोरोना के इस काल में आपने कुछ मौसमी नेताओं को भी देखा है। कोरोना आया तो गायब हो गये, कोरोना कंट्रोल हुआ तो फिर आ गए। उन्होंने तंज कसा कि चुनाव आया तो आ गये, चुनाव खत्म तो विदेश चले गए ।जब लोग महामारी में परेशान थे तो वो गायब थे,।चुनाव आया तो घर से बाहर निकल आए।,ये लोग उत्तर प्रदेश की जनता को वैक्सीन लगवाने के खिलाफ भड़काते रहे और जब अपनी बारी आई, तो चुपचाप वैक्सीन लगवा ली।ऐसे मौसमी नेताओं को यूपी की जनता पूरी तरह पहचान चुकी है। पीएम ने कहा कि विपक्षी जाति, पंथ, इलाका देखकर नौकरी के नाम पर लूट मचाते थे।योगी सरकार ने प्रदेश के 5 लाख युवाओं को बिना पक्षपात रोजगार देने का काम किया है। घोर परिवारवादियों का इतिहास गवाह है कि इन लोगों के हाथ में कभी यूपी की सुरक्षा नहीं दी जा सकती।,इनके शासन के दौरान यूपी में एक के बाद एक आतंकी हमले हुए।,दुर्भाग्य रहा कि इन धमाकों के आतंकियों को कड़ी सजा के बजाय, समाजवादी सरकार ने उनकी रिहाई के लिए जमीन आसमान एक करने का काम किया है। अंत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभास्थल पर उपस्थित ऐतिहासिक भीड़ का अभिवादन करते हुए सिराथू से डिप्टी सीएम केशव मौर्य, मंझनपुर विधानसभा से लालबहादुर तथा चायल से गठबंधन प्रत्याशी नागेन्द्र सिंह पटेल को जिताने के लिए जनता से अपील की। इस प्रकार प्रधानमंत्री मोदी ने मंच से लगभग 28 मिनट तक जनता को सम्बोधित किया। पीएम के भाषण के दौरान हर हर मोदी तथा योगी मोदी जिंदाबाद के नारे लगते रहे। इसके साथ ही पूरे भाषण के दौरान जय श्री राम का उद्घोष होता रहा।



उत्तरप्रदेश








शेयर करें













































































