मण्डलायुक्त ने संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन एवं निर्माणाधीन कार्यों को लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत पूर्ण किये जाने के दिए निर्देश
कार्यों में लापरवाही या उदासीनता क्षम्य नहीं, लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति न पाये जाने पर सम्बंधित अधिकारी की तय होगी जिम्मेदारी
प्रयागराज। मण्डलायुक्त संजय गोयल की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयुक्त कार्यालय के गांधी सभागार में कर करेत्तर एवं राजस्व वसूली के साथ-साथ विकास प्राथमिकता के कार्यों की प्रगति के सम्बंध में मण्डलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक में मण्डलायुक्त ने कर-करेत्तर से सम्बंधित विभागों के राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को कार्ययोजना बनाकर तथा प्रवर्तन की प्रभावी कार्यवाही करते हुए वसूली में तेजी लाये जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने वाणिज्य कर विभाग, आबकारी, स्टाम्प एवं रजिस्टेªशन, परिवहन, विद्युत विभाग, खनन विभाग, वन विभाग, मण्डी समिति सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को प्रवर्तन की कार्यवाही में तेजी लाते हुए लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित किये जाने का निर्देश दिया है। परिवहन विभाग की समीक्षा करते हुए वसूली की प्रगति खराब पाये जाने पर मण्डलायुक्त ने सम्भागीय परिवहन अधिकारी को सख्त हिदायत देते हुए कहा है कि अगस्त माह में यदि प्रगति ठीक नहीं पायी गयी, तो सम्बंधित जनपदों के एआरटीओ के साथ-साथ सम्भागीय परिवहन अधिकारी की भी जिम्मेदारी तय की जायेगी। उन्होंने कहा कि कार्ययोजना बनाकर प्रभावी कार्यवाही करते हुए वसूली की कार्यवाही में तेजी लायी जाये। विकास कार्यों की समीक्षा में मण्डलायुक्त ने सिंचाई विभाग के अभियंताओं को रोस्टर के अनुसार नहरों में टेल तक पानी पहुंचाये जाने का निर्देश दिया है। सेतुओं के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि जहां पर भी भूमि अधिग्रहण या भूमि अर्जन की प्रक्रिया अभी तक पूर्ण नहीं हो पायी है, वहां तत्काल सेतु निगम के अधिकारी जिलाधिकारी से सम्पर्क कर भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही सुनिश्चित कराते हुए निर्माण कार्य को तत्काल प्रारम्भ करते हुए समय से निर्माण कार्य को पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही में रूचि न लेने पर सेतु निगम के अभियंताओं के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त की। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के प्रगति की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने इसका शत-प्रतिशत सत्यापन कराये जाने का निर्देश दिया है साथ ही साथ सत्यापन में अपात्र पाये जाने वाले लोगो के विरूद्ध वसूली की कार्यवाही भी किये जाने का निर्देश दिया है। पशुपालन विभाग की समीक्षा में उन्होंने सभी मुख्य चिकित्साधिकारियों को अक्टूबर माह तक अनिवार्य रूप से पशुओं की ईयर टैगिंग कराये जाने निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि पशुओं के टीकाकरण के साथ-साथ ईयर टैगिंग का भी कार्य किया जाये। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने संविदा पर रखे जाने वाले चिकित्सकों की शत-प्रतिशत नियुक्ति न पाये जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए एक माह के अंदर रिक्त संविदा चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित कराये जाने का निर्देश एडी हेल्थ को दिया है। उन्होंने लम्बे समय से अनुपस्थित चल रहे चिकित्सकों के विरूद्ध विभागीय कार्यवाही सुनिश्चित किये जाने के लिए निर्देशित किया है। आयुष्मान भारत योजना के तहत गोल्डेन कार्ड धारकों के उपचार की प्रगति ठीक न पाये जाने पर उन्होंने सभी मुख्य चिकित्साधिकारियों को एमओआईसी के माध्यम से इसमें तेजी लाये जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने नवनिर्मित हेल्थ एवं वेल्नेस सेंटरों को क्रियाशील किये जाने तथा निर्माणाधीन सेंटरों के निर्माण कार्य को शीघ्रता से पूर्ण कराये जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने एम्बुलेंस की क्रियाशीलता की एसडीएम तथा खण्ड विकास अधिकारियों से जांच कराये जाने का भी निर्देश दिया है। जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत रजिस्टेªशन कराये जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि आशा, एनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को अपने-अपने क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं का चिन्हीकरण करते हुए उनका रजिस्टेªशन कराने तथा हाईरिस्क वाली गर्भवती महिलाओं का विशेष रूप से अनुश्रवण किये जाने एवं शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव कराये जाने का निर्देश दिया है। मण्डलायुक्त ने निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी सम्बंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित करते हुए कहा है कि जो भी भवन बन कर पूर्ण हो गये है, उनको तत्काल सम्बंधित विभागों को हैण्डओवर कर दिया जाये, जिससे कि उसका उपयोग तत्काल शुरू किया जा सके। बैठक में मण्डलायुक्त ने सभी अधिकारियों को संचालित योजनाओं को पारदर्शिता के साथ क्रियान्वित करते हुए पात्र लाभार्थिंयों को शत-प्रतिशत लाभान्वित कराये जाने तथा निर्माणाधीन कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय से पूर्ण किये जाने का निर्देश दिया है। सामुदायिक शौचालय एवं पंचायत भवनों के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने शेष बचे हुए सार्वजनिक शौचालय एवं पंचायत भवनों के निर्माण कार्य को शीघ्रता से पूर्ण कराये जाने का निर्देश दिया है। इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रयागराज संजय कुमार खत्री, जिलाधिकारी प्रतापगढ़ डाॅ0 नितिन बंसल, मुख्य विकास अधिकारी प्रयागराज शिपू गिरि, अन्य जनपदों के मुख्य विकास अधिकारीगणों के साथ ही संयुक्त विकास आयुक्त, क्षेत्रीय खाद्यय नियंत्रक, अपर आयुक्तगणों के अलावा मण्डल के अलावा सभी विभागों के मण्डलीय अधिकारी उपस्थित रहे।



टॉप न्यूज़








शेयर करें
























































