फोन करें और वृक्ष लगवाये ‘ थीम पर होगा नेटिव प्लांट्स का रोपण
स्मार्ट सिटी मिशन के तहत 3 करोड़ की लागत से शुरू हुई योजना
प्रयागराज। बढ़ते नगरीकरण के दबाव झेल रही कुम्भ नगरी प्रयागराज में हरियाली और प्रदूषण मुक्त वातावरण की वापसी के लिए प्रयागराज स्मार्ट सिटी ने अनोखी योजना शुरू की है। शहर प्रयागराज को ग्रीन सिटी बनाने के लिए प्रयागराज स्मार्ट सिटी की तरफ से निशुल्क वृक्ष योजना शुरू की गई है। इससे जहां एक तरफ वायु प्रदूषण कम होगा तो वहीं शहर का हर कोना हरा भरा नज़र आयेगा। प्रयागराज शहर को ग्रीन सिटी में तब्दील करने के लिए प्रयागराज स्मार्ट सिटी ने निशुल्क वृक्ष योजना की शुरुआत की है। प्रयागराज स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के मैनेजर संजीव कुमार सिन्हा के मुताबिक़ इस योजना के माध्यम से शहर में हरित पट्टियों के विकास के लिए शहर के नागरिको की सीधे सहभागिता सुनिश्चित की जायेगी। यह योजना सरकारी विभागों द्वारा चलाई जा रहे परम्परागत वृक्षारोपण अभियान से अलग है। नगर निगम, प्रयागराज विकास प्राधिकरण और वन विभाग द्वारा वृक्षारोपण के लिए जो अभियान चलाये जाते हैं उसमे विभाग ही तय करता है की उसे कहाँ और कौन से वृक्ष रोपित करने हैं। स्थान और वृक्षों की प्रजाति के निर्धारण को लेकर जनता से इसमें राय नहीं ली जाती है जिससे जनता का सरोकार इन वृक्षों के साथ नहीं बन पाता था लेकिन ‘निःशुल्क वृक्ष योजना’ में शहर के लोगों से उनकी राय लेकर उन्ही की गलियों, मार्गों और सडकों के किनारे वृक्ष लगाए जायेंगे। इससे शहर की जनता भी सीधे तौर से उससे जुड़ेगी और वही वृक्ष के संरक्षक के तौर पर काम करेगी। प्रयागराज स्मार्ट सिटी की तरफ से शुरू गई इस योजना में लगभग ₹3 करोड़ रूपये खर्च होंगे. स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के मिशन प्रबंधक बताते हैं कि इस योजना में वृक्ष वन विभाग की तरफ से लगाए जायेंगे। वन विभाग ही वृक्षों के लिए ट्री गार्ड भी उपलब्ध कराएगा। शहर में तकरीबन 5000 ट्री गार्ड इसमें लगाए जायेंगे। शहर में लगे वृक्षों के पुरानी ट्री गार्ड की रिपेयरिंग और रिप्लेसमेंट का काम भी इस योजना के तहत किया जायेगा।
इस योजना में जनता से पूछकर उसकी गली सड़क या घर के सामने पेड़ लगाए जायेंगे। इसके लिए बाकायदा एक कॉल सेण्टर भी स्थापित किया गया है। साथ ही इसके लिए एक टोल फ्री नंबर 1920 भी जारी किया है जिसमे फोन कर शहर का कोई भी नागरिक अपने घर की लोकेशन और अपने पसंद का वृक्ष का नाम तय कर सकता है जिसे वह लगवाना चाहता है। इस तरह बस एक फोन कॉल के जरिये आपके घर के सामने वृक्ष लग जाएगा। पसंद का वृक्ष लगने से लोग अपने अपने पसंदीदा वृक्ष की सुरक्षा और संरक्षा भी स्वयं से करेंगे। एक महीने तक इसके लिए शहर के नागरिकों से उनकी कॉल्स ली जाएंगी।



उत्तरप्रदेश









शेयर करें













































































