Logo

महाशिवरात्रि आज, सजे शिवालय दर्शन-पूजन व जलाभिषेक को उमड़ेंगे श्रद्धालु

प्रतापगढ़ (ब्यूरो)। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर बेल्हा में शिवालयों की सजावट की गई है। श्रद्धालुओ की उमड़ने वाली भीड़ का आकलन करके तैयारी की गई है। पुलिस व पीएसी के साथ ही एनसीसी कैडेटो को भी जिम्मेदारी दी गई है। उधर शिवालयों के आसपास बैरीकेडिंग करके वाहनो के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। जिले में शिवालयों की संख्या भरपूर है। धार्मिक एवं पौराणिक मान्य को समेटे इन शिवालयों पर महाशिवरात्रि पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक एवं दर्शन पूजन के लिए आते है। जिला प्रशासन मंदिर समिति के साथ तैयारियों को अंतिम रूप दे चुका है। प्रसिद्ध शिवालय बाबा घुइसरनाथ धाम में भोर में दो बजे से ही जलाभिषेक शुरू हो जाता है। पड़ोसी जनपद अमेठी, सुल्तानपुर रायबरेली कौशाम्बी आदि के श्रद्धालु भी दर्शन पूजन व जलाभिषेक के लिए भारी संख्या में आते है। जलाभिषेक का क्रम रात दो बजे से लेकर शाम छह बजे तक चलता है। जबकि दर्शन पूजन का सिलसिला रात दस बजे तक चलता रहता है। इस मौके पर मंदिर परिसर के बाहर मेले का आयोजन भी होता है। जलाभिषेक के साथ ही मेले की तैयारियां भी पूरी कर ली गई है। मेले में वाहनो के प्रवेश पर रोक रहता है। मंदिर परिसर के पास भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरीकेडिंग की गई है। सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरा भी लगा है। इसी तरह बाबा बेलखरनाथ धाम में भी महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक व दर्शन पूजन के लिए तैयारियां की गई है। सुबह तीन बजे मंदिर के कपाट खुलते है। श्रद्धालुओ के जलाभिषेक के लिए दो लाइन लगाकर बैरीकेडिंग की जाती है। महिला व पुरूष की व्यवस्था अलग अलग रहती है। कांवरिया भी धाम में जलाभिषेक के लिए पहुंचने लगे है। भोलेनाथ का दर्शन पूजन एवं जलाभिषेक के लिए धाम में लाखो की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते है। उधर बाबा भयहरणनाथ धाम में भी जलाभिषेक व दर्शन पूजन के लिए तैयारियां की गई है। यहां पर तीन दिवसीय महकाल महोत्सव का भी आयोजन किया जाता है। इसकी भी तैयारी की गई है। इसके अलावा जिले में स्थित अन्य शिवालयों में आज साफ सफाई एवं सजावट की गई है। वहां पर सुबह होते ही जलाभिषेक एवं दर्शन पूजन का सिलसिला शुरू हो जाएगा। महाशिवरात्रि पर मां बेल्हा देवी धाम में भी श्रद्धालु पहुंचते है। साथ ही धाम में स्थित शिवलिंग पर जलाभिषेक करके श्रद्धालु कल्याण की कामना करते है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.