कर्मचारियों की उदासीनता से फैलती जा रही है जगह जगह गंदगी
लोकमित्र ब्यूरो
शंकरगढ़ (प्रयागराज)। शंकरगढ़ विकासखंड के कई ग्रामीण इलाकों में इस समय कर्मचारियों व अधिकारियों की लापरवाही से गंदगी बढ़ती जा रही है जिससे लोगों में आक्रोश है।
बताते है कि शंकरगढ़ विकास खंड के गांव गांव में एक या दो सफाई कर्मी नियुक्त है। उनकी जिम्मेदारी है कि गांव में साफ सफाई का ध्यान रखें तथा कूड़ा करकट बाहर निर्धारित स्थल पर जमा करें। लेकिन वर्तमान में देखा जा रहा है कि शंकरगढ़ विकासखंड के ग्रामीण इलाकों में दिन प्रतिदिन गंदगी बढ़ती जा रही है। क्षेत्र के बेनीपुर चौराहे पर तो इतनी अधिक गंदगी बढ़ गई है कि वहां से गुजरना या वहां पर कुछ समय के लिए खड़े होना मुश्किल है। शिवराजपुर में स्थित प्राइमरी मॉडल स्कूल के बाहर गंदगी का आलम यह है कि देखकर ऐसा लगता है जैसे वर्षों से इस की साफ सफाई नहीं हुई। सरकार जहां साफ-सफाई के प्रति लोगों के रवैए में बदलाव करना चाहती है, स्वच्छ भारत अभियान के तहत भारी-भरकम बजट देकर जहां पर गावों को स्वच्छ करने का निर्देश देती रहती है। वहीं शंकरगढ़ विकासखंड के सफाई कर्मचारियों की लापरवाही से इलाके में गंदगी की वजह से बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। यह किसकी शह पर हो रहा है कोई नही जानता। सफाई कर्मचारी क्यों लापरवाही कर रहे हैं यह जांच का विषय हो सकता है। सूत्रों की बात का विश्वास करें तो बहुत से सफाई कर्मी ऐसे हैं जो कागज पर तो सफाई कर्मी हैं। लेकिन वास्तव में वे विकासखंड के अधिकारियों की तरह रौब झाड़ते और काम करते देखे जा सकते हैं। कुछ सफाई कर्मी विभाग के अधिकारियीं की जी हुजूरी करते हैं तो कुछ उनके घर में ड्यूटी बजाते हैं। सफाई कर्मचारियों की उदासीनता से क्षेत्र में गंदगी बढ़ती जा रही है। शंकरगढ़ विकासखंड के बहुत से सफाई कर्मी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं कर रहे हैं।जिससे क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द सभी सफाई कर्मियों को उनकी ड्यूटी बताई जाए और लापरवाही करने पर उन्हें पद से मुक्त कर दूसरे लोगों की भर्ती की जाए।



उत्तरप्रदेश








शेयर करें








































































