कोखराज थाना क्षेत्र के मुरादपुर गांव में हुई घटना
पोल पर चढ़कर तार जोड़ते वक्त हुआ दर्दनाक हादसा
लोकमित्र ब्यूरो
कौशाम्बी। कोखराज थाना क्षेत्र के मुरादपुर गांव में सोमवार की सुबह पोल पर चढ़कर तार जोड़ते वक्त एक बिजली मिस्त्री करंट की चपेट में आ गया। हाईवोल्टेज करंट होने के कारण मिस्त्री बुरी तरह झुलस गया और मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। कोखराज थाना क्षेत्र के बहेरिया गांव का तारा सिंह (18) पुत्र भैरव प्रसाद इलेक्ट्रीशियन था। वह समारोहों में साउंड आदि लगाता था। सोमवार को मुरादपुर में कांवरियों की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया था। इसी कार्यक्रम में तारा सिंह लाइट-साउंड लगाने गया था। बिजली का तार जोड़ने के लिए तारा सिंह पोल पर चढ़ा। ग्रामीणों ने बताया कि 440 वोल्ट से नीचे 11 हजार वोल्ट का तार दौड़ा था। पोल पर चढ़े होने के दौरान तारा सिंह इसी हाईवोल्टेज विद्युत तार के करंट की चपेट में आ गया। करंट की झटका लगते ही झुलसकर वह नीचे गिर गया। ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से परिवारीजनों के आंसू थामे नहीं थम रहे हैं। दिवंगत तारा सिंह के पिता भैरव प्रसाद व माता बचपन से ही दिव्यांग हैं। इन्हें दोनों आंखों से दिखाई नहीं पड़ता है। जन्म के बाद मां-बाप ने कभी भी तारा सिंह का चेहरा नहीं देखा था। मौत के बाद लाश घर पहुंची तो तारा की छाती से लिपटकर रो रहे थे। कभी चेहरे को चूम रहे थे तो कभी छाती को। इनकी हालत देख वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें भर आईं।



उत्तरप्रदेश








शेयर करें








































































