भाजपा सरकार बड़े पूंजीपतियों के लाभ के लिए बना रही कानून: शिवपाल सिंह यादव महंगाई से देश की जनता त्रस्त, बढ़ रहा भ्रष्टाचार व अपराध
प्रतापगढ़ (ब्यूरो)। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भाजपा बड़े पूंजीपतियों की सरकार है। साथ ही बड़े पूंजीपतियों के लाभ के लिए ही नए कानून बना रही है। भाजपा सरकार ने जनता की राय लेकर कोई कानून नहीं बनाया है। श्री यादव ने यह बाते यहां विनोद पाण्डेय एडवोकेट के आवास पर आज जनपद आगमन पर पत्रकारो से बातचीत के दौरान कही। उन्होने कहा कि प्रदेश का दौरा करना शुरू किया है। कार्यकर्ता गांव गांव जाकर भ्रमण कर रहे है। इस समय देश की हालत ठीक नहीं है। भाजपा नेताओं ने जो वादे किए थे वह अब सात साल हो गए मगर कोई भी वादा पूरा नहीं किया है। भाजपा का नारा सबका साथ, सबका विकास अभी तक धरातल पर नहीं आ सका है। श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार रेल बीमा आदि का निजीकरण करके बड़े पूंजीपतियों को सौपने का प्रयास कर रही है। कृषि कानून में कही भी एमएसटी का जिक्र नहीं है। जब पूंजीपतियों के हाथ में खेती चली जाएगी तो किसान सिर्फ मजदूर बनकर रह जाएगा। ऐसे मे कृषि कानून पूंजी पतियो के फायदे के लिए बनी है। इससे किसान को कोई लाभ नहीं है। उन्होने कहा कि महंगाई इस कदर बढ गई है कि गरीब जनता परेशान है। बिजली साल भर में तीन बार महंगी हुई है। जबकि देश में पर्याप्त बिजली है। पेट्रोल व डीजल का दाम लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे महंगाई मे और वृद्धि होगी। इस सरकार में भ्रष्टाचार लगातार बढ़ता जा रहा है। भाजपा सरकार ने वादा किया था कि विदेश से काला धन वापस ले आयेंगे। साथ ही प्रत्येक परिवार को 15 लाख रूपए दिए जायेंगे। यह वादा हवा हवाई साबित होकर रह गया। दो करोड़ युवाओं को नौकरी देने का वादा भी पूरा नहीं हुआ है। गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य किसानो को नहीं मिल रहा है। चार साल में गन्ना किसानो का एक रूपया नहीं बढ़ा है। सरकार ने जिस तरह लाकडाउन का निर्णय अचानक लिया था। उसी तरह अचानक नोट बंदी का निर्णय भी लिया था। इससे जनता को काफी दिक्कतो का सामना करना पड़ा। इस समय महंगाई व भ्रष्टाचार पर कोई अंकुश नहीं है। हत्या की घटनाएं बढ़ गई है। आए दिन दुराचार की घटनाएं हो रही है। इससे युवतियों एवं महिलाओं की आबरू सुरक्षित नहीं है। छोटी बच्चियो को दुराचार का शिकार बनाया जा रहा है। बेरोजगारी लगातार बढ़ती जा रही है। इससे युवा वर्ग परेशान है। किसान गरीबी के कारण आत्महत्या करने के लिए मजबूर हो रहा है। युवाओं के लिए रोजगार की व्यवस्था नहीं की जा रही है। दवाएं लगातार महंगी होती जा रही है। इससे गरीबो का इलाज असंभव हो गया है। इसके बावजूद देश पर कर्ज बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री ईमानदार अवश्य है मगर लोगो का मकान गिरवा दे रहे है। इससे लोग परेशान है। श्री यादव ने कहा कि अपना संगठन पूरे प्रदेश में खड़ा कर लिया है। लोहिया ने गैर कांग्रेस वाद का नारा दिया था। आज स्थिति पहले से भी खराब है। अब भाजपा की सरकार हटाना जरूरी हो गया है। यदि जनता ने भाजपा सरकार को नहीं हटाया तो देश की हालत काफी बदतर हो जाएगी। उन्होने कहा कि मैने गैर भाजपा वाद का नारा दिया है। इसे हर हाल में पूरा करना है। श्री यादव ने कहा कि यदि मेरी सरकार बनी तो हर परिवार के एक बेटे बेटी को नौकरी देने की जिम्मेदारी सरकार की होगी। बिजली सस्ती होगी। जनता को परेशानियो से राहत मिलेगी। इसके लिए प्रयास शुरू हो गया है। इस दौरान विनोद पांडेय एडो. समेत तमाम पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।