पांच करोड़ रुपए मांगने के मामले में पुलिस ने की कार्रवाई
प्रयागराज। अहमदाबाद जेल में बंद अतीक अहमद के छोटे बेटे मोहम्मद उर्फ अली अहमद पर भी पुलिस ने इनाम घोषित कर दिया है। करेली पुलिस ने रिश्तेदार से पांच करोड़ रुपए मांगने के मामले में अली समेत 7 नामजद आरोपियों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। अली की तलाश में पुलिस ने पिछले कई महीने से संभावित ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन गिरफ्तारी न हो सकी। वहीं अतीक का बड़ा बेटा मोहम्मद उमर कई साल से वांछित है। सीबीआई ने उस पर दो लाख का इनाम रखा है। करेली पुलिस ने बीते 2 जनवरी 2022 को 5 करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में पीड़ित जीशान की तहरीर पर अतीक के बेटे अली अहमद और उसके साथी असद, कछोली, संजय सिंह, इमरान, अमन व फुल्लू व अन्य पर मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने मौके से ही नामजद आरोपी सैफ और फहद को गिरफ्तार कर लिया था। इन दोनों के पास से पुलिस ने पिस्टल भी बरामद की थी। रंगदारी व हमले के आरोप में दोनों को जेल भेजा जा चुका है। इसके बाद से इन आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है, पर अभी तक ये शातिर पुलिस को चकमा देते रहे हैं। वहीं पिछले दिनों इन अपराधियों पर इनाम घोषित करने की रिपोर्ट भेजी गई थी, अब इन आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम पुलिस ने घोषित कर दिया है।
पूर्व सांसद अतीक अहमद के बड़े बेटे मोहम्मद उमर के ऊपर दो लाख का इनाम सीबीआई की ओर से पहले से ही घोषित है। लखनऊ के प्रॉपर्टी डीलर मोहित जायसवाल को अगवा करके देवरिया जेल में पीटने और रंगदारी वसूलने के मामले में अतीक अहमद समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है। सीबीआई ने अतीक के बड़े बेटे मो. उमर को देवरिया जेल कांड में वांटेड किया है। उस पर दो लाख का इनाम घोषित है। वह एक साल से अधिक समय से फरार है।



उत्तरप्रदेश








शेयर करें







































































