रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन का समारोह भक्ति धाम मनगढ़ में हुआ संपन्न
प्रयागराज। रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज, राजापुर प्रयागराज के छात्र संसद कन्या भारती एवं शिशु भारती के प्रधानमंत्री, उप प्रधानमंत्री, अध्यक्ष तथा मंत्रिमंडल एवं सांसदों का शपथ ग्रहण समारोह अनंत विभूषित 1008 कृपालु जी महाराज के आश्रम मनगढ़ के आध्यात्मिक परिसर भक्ति धाम में संपन्न हुआ। भक्ति धाम मनगढ़ के व्यवस्थापक स्वामी जितेंद्र एवं प्रधानाचार्य बांके बिहारी पांडे ने छात्र संसद के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का प्रारंभ मां सरस्वती जी की वंदना से प्रारंभ हुआ तत्पश्चात विद्यालय के संगीताचार्य मनोज गुप्ता ने अपने भजनों से पूरे वातावरण को भक्तिमय कर दिया। इसके बाद शपथ ग्रहण का कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। समारोह में शिशु भारती के अध्यक्ष समर्थ पांडे, मंत्री जयदित्य सिंह, सेनापति वीर सिंह ,कन्या भारती की प्रधानमंत्री आयुषी सिंह, उप प्रधानमंत्री रिया मौर्य, अनुशासन प्रमुख सुजाता, उप अनुशासन प्रमुख नम्रता सिंह तथा छात्र संसद के प्रधान मंत्री पीयूष तिवारी, उप प्रधानमंत्री विवेक पाल, सेनापति सर्वेश मिश्र, अनुशासन मंत्री चंद्र दत्त तिवारी सहित समस्त पदाधिकारियों तथा सांसदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। तत्पश्चात विद्यालय की छात्राओं ने संगीताचार्य मनोज गुप्ता के निर्देशन में गीत”शपथ लेना तो सरल है पर निभाना ही कठिन है” का सुमधुर गायन प्रस्तुत करके समस्त सांसदों एवं पदाधिकारियों को उनके जिम्मेदारियों का निर्वहन एवं कर्तव्यनिष्ठ बनने की प्रतिज्ञा याद दिलाई। इसके बाद स्वामी जितेंद्र ने विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया तथा भक्ति धाम परिसर इससे समस्त मंदिरों का दर्शन कराते हुए तथा उसके महत्व को बताते हुए राधे गोविंद का भजन एवं कीर्तन कराया। उसके बाद मैदान में ले जाकर छात्र-छात्राओं में प्रतिस्पर्धा लाने के लिए कई खेलो की प्रतियोगिता कराई और विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य बांके बिहारी पांडे ने सांसद भैया एवं बहनों को उनके जिम्मेदारियों का निर्वहन सुचारू रूप से हो सके ऐसी प्रेरणात्मक बातें बताई तथा छात्र संसद के गठन के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा कि इस प्रक्रिया से हमारे छात्र छात्राओं में लोकतंत्र के गठन, विभागों का बंटवारा तथा दायित्व निर्वहन का बोध होता है। संपूर्ण कार्यक्रम की व्यवस्था एवं संयोजन शिशु भारती की प्रमुख ऋचा गोस्वामी, कन्या भारती की प्रमुख पायल जायसवाल एवं छात्र संसद के प्रमुख विभु श्रीवास्तव एवं दीपक दयाल ने किया था। कार्यक्रम का कुशल संचालन दिनेश कुमार शुक्ला ने किया तथा प्रस्ताविकी मान सिंह यादव ने रखी। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रमेश चंद्र मिश्रा, शैलेश सिंह यादव एवं संतोष कुमार तिवारी का सहयोग सराहनीय रहा।



उत्तरप्रदेश








शेयर करें







































































