मौसमी बुखार व डेंगू के लगातार मिल रहे मरीज
अयोध्या। जनपद में हुई लगातार बरसात ने नदी, नालों, गलियों , खेत मैदानों को पानी से भर दिया है। ऐसे में मलेरिया व डेंगू का खतरा तेज हो गया है। जिले में बदलते मौसम के मिजाज के साथ डेंगू व वायरल फीवर में भी लगातार वृद्धि हो रही है। बुधवार को वायरल फीवर कुछ धीमा रहा। मरीज बच्चे भर्ती नही कराए गए। जो भी आए वे ओपीडी से अपना इलाज कराकर चले गए। जनपद में डेंगू के मरीजों के प्रकाश में आने का सिलसिला जारी है। जहां डेंगू के मरीजों की जिले में संख्या 84 थी वहीं अब डेंगू मरीजों की संख्या में तीन मरीज और बढ़ गए। अब तक जिले में कुल 87 डेंगू मरीज जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रकाश में आए हैं। जिला चिकित्सालय में हुई जांच में सुमित 26 पुत्र वीडी सिंह निवासी स्टाफ कालोनी महिला चिकित्सालय,व अंशू 12 पुत्र अरूण कुमार निवासी फतेहगंज रेलवे क्रासिंग के निकट को डेंगू होने की जानकारी मिली है। अंशू कई दिन से जिला चिकित्सालय के पीकू वार्ड में भर्ती है। राजर्षि दशरथ मेडिकल कालेज दर्शननगर की लैब में हुई जांच में शादाब अहमद 21 पुत्र शमशाद अहमद निवासी अमौना थाना पूराकलन्दर को डेंगू पाजिटिव बताया गया है। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ एएम खान कहते हैं कि मौसम में नमी होने के कारण वायरल फीवर काफी तेजी से फैल रहा है। बरसात के कारण जगह जगह हुए जल भराव के कारण मलेरिया व डेंगू के मरीज भी बढ़ रहे हैं। उन्होंने दावा कि अब तक जिले में डेंगू से किसी भी मरीज के मरने की सूचना नही हैं। डॉ खान ने बताया कि जहां जहां डेंगू के मरीज मिल रहे हैं वहां टीम भेजकर दवा का छिड़काव किया जा रहा है। लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जल निकासी का भी प्रबन्ध प्रशासन से सहयोग लेकर कराया जा रहा है।



उत्तरप्रदेश








शेयर करें








































































