कौशाम्बी। मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अन्तर्गत 5.51 लाख लाभार्थियों को रूपये 6637.72 करोड़ की लागत से निर्मित आवासों की चाबी वितरित एवं लाभार्थियों से संवाद किया गया। इस कार्यक्रम का जनपद में कलेक्ट्रेट स्थित सम्राट उदयन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सजीव प्रसारण किया गया, जिसमें उपस्थित लाभार्थियों द्वारा मा0 मुख्यमंत्री जी के सम्बोधन को सुना गया। विधायक मंझनपुर एवं जिलाधिकारी सुजीत कुमार द्वारा विकास खण्ड मंझनपुर के अन्तर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के 75 लाभार्थियों एवं मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के 25 लाभार्थियों को आवास की चाबी वितरित की गयी। इसी प्रकार अन्य प्रत्येक विकास खण्ड में जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के 75 लाभार्थियों एवं मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के 25 लाभार्थियों को आवास की चाबी वितरित की गयी। जनपद में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के 600 लाभार्थियों को एवं मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के 200 लाभार्थियों को आवास की चाबी वितरित की गयी। आवास की चाबी पाकर लाभार्थियों ने कहा कि साकार हुआ सपना, घर हुआ अपना। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधायक मंझनपुर ने कहा कि प गरीबों के कल्याण के लिए अनेक योजनायें धरातल पर चल रही हैं। उन्होने लाभार्थियों से कहा कि आप लोगों को जो आवास का लाभ मिल रहा है, उसे किसी बिचौलिये ने नहीं बल्कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री जी ने देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी का सपना है कि 2022 तक सभी पात्र लाभार्थियों को आवास की सुविधा उपलब्ध हो। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में तेज वर्षा एवं दैवीय आपदा के कारण लोगों के घर गिरे हैं, उन सभी लोगों को दैवीय आपदा के अन्तर्गत आर्थिक सहायता उपलब्ध करायी जा रही है एवं जिनके घर गिरे है, उन सभी का सर्वे कराकर मुख्यमंत्री आवास योजना से लाभान्वित किये जाने की कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाआें के तहत धनराशि सीधे लाभार्थी के खाते में हस्तान्तरित की जाती है। उन्होने कहा कि जो भी लोग विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र हैं, उन्हें योजना का लाभ अवश्य मिलेगा। उन्होने लाभार्थियों से कहा कि कोई भी व्यक्ति योजना का लाभ दिलाने हेतु पैसे की मांग करता है, तो उसकी सूचना उन्हे अवश्य दें, ताकि उसके विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जा सके। उन्होंने लाभार्थियों से कहा कि शासन द्वारा संचालित अन्य विभिन्न योजनाओं का भी लाभ उठायें। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख मंझनपुर सरला राय, मुख्य विकास अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी, परियोजना निदेशक सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं लाभार्थीगण उपस्थित रहे।
———-



उत्तरप्रदेश








शेयर करें







































































