जाम खुलवाने पहुंची भंगवा चौकी पुलिस और ग्रामीणों के बीच विवाद
ट्रक के धक्के से होमगार्ड की बाइक टकराने पर हुआ विवाद
प्रतापगढ़। रेलवे साइडिंग पर रेता लोडकर जा रही ट्रक के धक्के से होमगार्ड्स की बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। इससे गुस्साए लोगों ने ट्रक चालक की पिटाई कर दी और साइडिंग पर जाम लगा दिया। लोगों के हमले से ड्राइवर जान बचाकर भाग गया। जाम में सरकारी गेंहू के ट्रक फंस गये। जाम खुलवाने पहुँची भंगवा चौकी पुलिस से ग्रामीणों का विवाद हो गया। इंचार्ज ने जब जेल भेजने की बात कही तो लोग खिसकने लगे। करीब घंटे भर लोग जाम में फंसे रहे। पुलिस ने कहा कि जिन लोगों ने जाम लगाकर सरकारी काम में बाधा उत्पन्न किया मारपीट की है। लिखित शिकायत मिलने पर उन सभी के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जायेगी। हंगामा कर रहे और पुलिस से विवाद करने वालों से सख्ती से निपटा जायेगा। जानकारी के अनुसार रेलवे साइडिंग पर सरकारी गेहूं का रैक आया था। ट्रकों में लोड हो रहा था। इसी बीच रेता लोड ट्रक साइडिंग की तरफ जा रहा था। बैक करते समय पीछे खड़े आशुतोष होमगार्ड की बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। बताया जाता है कि आशुतोष बच गया। लेकिन बाइक टूट गई। सड़क न बनने से खार खाये भंगवा के लोगों को जब यह बात पता चली तो काफी संख्या में पहुंचे लोगों ने जाम लगा दिया। आरोप है कि ट्रक ड्राइवर अजय को लोगों ने पीटा वह जान बचाकर भाग गया। सूचना मिलने पर भंगवा चौकी इंचार्ज जाम खुलवाने गये तो उनसे भी लोग उलझ गये। ग्रामीणों के बीच नेतागिरी का शौक पाले एक व्यक्ति को इंचार्ज ने बातचीत के दौरान जमकर लताड़ा। बातों से सरेआम ऐसा धोया कि वह मुंह छिपाकर भागने लगा। इंचार्ज ने उससे पूछा कि क्या ऐसी ही भाषा में अपने माता,पिता से भी बात करते हो। नेता बोला हां। दरोगा बोला जाओ पहले संस्कार सीखकर आओ। दरोगा ने सख्ती दिखाई तब जाकर जाम खुला। उसने बिना अनुमति सड़क जाम करने, मारपीट करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की बात कही है। हालांकि यह सब होने के बाद आरपीएफ और जीआरपी पहुंची। इन लोगों ने भी जाम लगाने वालों का फटकारा।मौके पर पहुंचे ट्रक मालिक अभिनव यादव निवासी सदर बाजार ने पुलिस के सामने आरोप लगाया कि उसके ड्राइवर अजय को ग्रामीणों ने मारा है। उसको गंभीर चोटें आई है। अस्पताल में भर्ती है। बताया जाता है कि होमगार्ड और ट्रक मालिक दोनो को चौकी पर बुलाया गया है। आरपीएफ और जीआरपी का कहना है कि घटना कोतवाली क्षेत्र की है। जो कुछ कार्यवाई होगी। वहां की पुलिस करेगी। फिलहाल साइडिंग की सड़क खराब होने से लोगों को काफी दिक्कतें है। बरसात में कीचड़, गड्ढे होने ट्रकों का जाम लगने से लोगों का चलना दूभर हो गया है।



उत्तरप्रदेश








शेयर करें







































































