अंबेडकर प्रतिमा को उखाड़ कर फेंका, गांव मे तनाव
कुंडा प्रतापगढ़। बाघराय थाना क्षेत्र के देवरी हरदो पट्टी में इसी वर्ष 14 अप्रैल 2023 को बाबा साहब के जन्मदिन पर समर्थकों व अनुयायियों ने श्रद्धा भाव से प्रतिमा स्थापित किया था। असमाजिक तत्वों ने बीती रात को चुपके से अंधेरे में बाबा साहब की प्रतिमा को उखाड़ कर पड़ोस की झाड़ियां में फेंक दिया था। बीते 6 दिसंबर दिसंबर को बाबा साहब के महापरिनिर्वाण दिवस पर अम्बेडकर जी की पुण्यतिथि धूमधाम से गांववासियों द्वारा मनाई गई थी। इसे कुछ लोगों को अच्छा नही लगा था। बीती रात्रि में अज्ञात अराजक तत्वों ने मूर्ति उखाड़कर मूर्ति स्थल से काफी दूर ले जाकर झाड़ियों में फेंक दिया। सुबह छ बजे जब गांव के कुछ लोगों ने देखा कि मूर्ति स्थल से प्रतिमा गायब है, तो हड़कंप मच गया। आसपास के लोग एकत्र हो गए। गांव के अमरनाथ त्यागी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की जानकारी होते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची 112 नंबर डायल के पुलिस कर्मियों व थाने के एसआई शनि कुमार समेत समर्थकों के एक घंटे कड़ी मशक्कत के बाद मूर्ति झाड़ी से बरामद हुई। तब पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। प्रधान सत्येंद्र बहादुर सिंह व पूर्व प्रधान अमरनाथ त्यागी, कृष्ण कुमार, रामदुलारे, सुंदरलाल, मुन्नीलाल, श्यामबाबू, अंकित, अज्जू, साहिल, सुशील, जयकिशन ने मूर्ति हटाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष बाघराय संजय पांडेय का कहना है कि कुछ शरारती तत्वों ने मूर्ति को उखाड़कर झाड़ियों में फेंक दिया था। पुलिस ने बरामद कर लिया है। उसी स्थल पर गांववासियों ने मूर्ति स्थापित कर दिया। इस मामले में अभी तक कोई तहरीर नही मिली है। शरारती तत्वों का पता लगाया जा रहा है।