मलबे में दबने से 9 लोग घायल, एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और पुलिस राहत कार्य में जुटी
लोकमित्र ब्यूरो
प्रयागराज। मुट्ठीगंज थानाक्षेत्र के हटिया में मंगलवार को तेज बारिश के दौरान एक जर्जर मकान गिर गया। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय और जीवन ज्योति हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। घायलों में दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम रेस्क्यू कर रही है। हटिया में हनुमान मंदिर ट्रस्ट के मकान में नीचे की ओर 6 दुकानें हैं। ऊपर की मंजिल में चार किराएदार परिवार के साथ रहते हैं। दोपहर करीब 2:30 बजे अचानक हुई बारिश के दौरान मकान का छज्जा गिर गया। इसके नीचे 11 से अधिक लोग दब गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल लोगों को बचाने की कोशिश की। सूचना पर पहुंची एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और पुलिस प्रशासन की टीम ने मोर्चा संभाल लिया। अभी भी रेस्क्यू जारी है। मृतकों में सुशील कुमार गुप्ता पुत्र विश्वनाथ गुप्ता (40) निवासी आर्य नगर मुट्ठीगंज, राजेंद्र पटेल पुत्र अज्ञात (51), नीरज केसरवानी पुत्र मोतीलाल केसरवानी (32) निवासी पंचायती अखाड़ा मुट्ठीगंज, नसीरुद्दीन उर्फ सलमान पुत्र नजर शाह पिपरी थाना सराय ममरेज और श्यामबाबू (47) शामिल हैं। वहीं घायलों की पहचान ओम प्रकाश (40), सूर्यपाल (30), विनोद बिंद (45), अनीश एक अज्ञात के रूप में हुई है। चारों घायलों का इलाज जीवन ज्योति अस्पताल में चल रहा है। इसके अलावा पांच घायल एसआरएन में भर्ती हैं। हादसे के बाद जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडे भी घटनास्थल पर पहुंच गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को 4-4 लाख का मुआवजा और घायलों को मुफ्त इलाज देने का ऐलान किया है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण गिरी जर्जर इमारत के हादसे में कई लोगों के हताहत होने की अत्यंत दु:खद सूचना प्राप्त हुई है। प्रदेश सरकार ने जिला प्रशासन को घायलों का नि:शुल्क समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।



उत्तरप्रदेश








शेयर करें













































































