लोकमित्र ब्यूरो
सहसों (प्रयागराज)। सरायइनायत थाना क्षेत्र के रामजानकी मंदिर के आगे सोमवार दोपहर स्कूल से पढ़कर अपनी बहन के साथ साइकिल से लौट रहे छात्र को तेज रफ्तार बस ने कुचल दिया। इससे बालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी परिजनों को मिली तो कोहराम मच गया। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। जिससे दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा। बताया जाता है कि सरायइनायत थाना क्षेत्र के चकिया घराहरा गांव निवासी अजय भारतीया की पुत्री अलका भारतीया अपने छोटे भाई आदर्श भारतीया 10 वर्ष को साइकिल पर बैठाकर घर की ओर जा रही थी। प्रयागराज-गोरखपुर मार्ग को क्रास करते वक्त प्रयागराज से फूलपुर की ओर जा रही रोड़वेज की बस ने साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अलका छिटककर दूर जा गिरी जबकि आदर्श बस के पहिये के नीचे चला गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी परिजनों और ग्रामीणों को हुई मौके पर जा पहुंचे और घटना पर आक्रोश ब्यक्त करते हुए शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। लगभग दो घंटे तक चले इस जाम में वाहनों की लम्बी-लम्बी कतारे लग गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जें में लेने का प्रयास किया तो उपद्रवियों ने शोर शराबा शुरू करते हुए सामने से आ रही रोड़वेज बस के शीशे चकनाचूर कर दिया। मौके की नजाकत देख पुलिस फोर्स बुलाई गई। घटनास्थल पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी हण्डिया भीम कुमार गौतम व उपजिलाधिकारी फूलपुर ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शव को कब्जें में लिया और पंचनामा भरकर पीएम हेतु एसआरएन भेजा। मृतक आदर्श सहसों स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा चार का छात्र था। मॉ बाप का इकलौता पुत्र खोने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।



उत्तरप्रदेश








शेयर करें













































































