सीडब्ल्यूसी मेंबर ने बैंकिग ब्याज दरों मे बढ़ोत्तरी व सेंसेक्स मे गिरावट को बताया चिन्ताजनक
लालगंज, प्रतापगढ़। केन्द्रीय कांग्रेस वर्किग कमेटी के सदस्य प्रमोद तिवारी ने ब्याज दरों मे बढोत्तरी के चलते मंहगाई के और अधिक खतरनाक संदेश को चिन्ताजनक करार दिया है। सीडब्ल्यूसी मेंबर प्रमोद तिवारी ने सीधे कहा कि मोदी सरकार की अदूरदर्शी अर्थव्यवस्था के चलते लगातार सेंसेक्स मे गिरावट व बैंक ब्याज दरों मे बढ़ोत्तरी आम आदमी की साधारण आय के लिए और चिन्ताजनक दिखने लगी है। मंगलवार को रामपुरखास के एक दिवसीय दौरे पर यहां पहुंचे श्री तिवारी ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि हालिया कई सर्वे रिर्पोटों मे इस बात का स्पष्ट संकेत है कि कोरोना के चलते आम आदमी की आय मे घटोत्तरी बढेगी। वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने आश्चर्य जताया कि सर्वे रिर्पोट तो आम आदमी की आय में तिरपन प्रतिशत घटोत्तरी दर्शा रही है जबकि इसके विपरीत यही सर्वे रिर्पोटें पूंजीपतियों की आमदनी मे बीस प्रतिशत बढोत्तरी का दावा ठोंक रही है। कांग्रेस वर्किग कमेटी के सदस्य प्रमोद तिवारी ने कहा कि कोरोना से फिर लोग परेशान तथा निराश दिख रहे है। बकौल प्रमोद तिवारी इसके बावजूद मोदी सरकार कोरोना के ओमीक्रॉन संकट से निपटने के चिकित्सीय प्रबन्धन की जगह यूपी मे येन केन प्रकारेण सत्ता मे वापसी का ही तानाबाना बुननें मे परेशान है। सीडब्ल्यूसी मेंबर प्रमोद तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री प्रदेश मे विकास का दावा ठोंक रहे है। जबकि यह कड़वा सच है कि प्रदेश मे विकास तथा कानून व्यवस्था और रोजगार के क्षेत्र मे मोदी और योगी सरकार का ढांचा ही भरभराकर ढह उठा है। राष्ट्रीय मतदान दिवस के परिप्रेक्ष्य मे श्री तिवारी ने कहा कि पहले मोदी सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वायत्ता पर अपने हमले बंद करे। उन्होने कहा कि भाजपा की हुकूमत ने लोकतांत्रिक ढांचे को कमजोर बनाने के लिए संघीय सम्बन्धों पर भी हमले किये है। उन्होने कहा कि केन्द्र और राज्य के बीच प्रशासनिक ढांचे के संतुलन का जो संवैधानिक दायरा तय किया गया है उसके विपरीत आज मोदी सरकार राज्यों की स्वयं की शांति व्यवस्था की सुनिश्चित जिम्मेदारी को कमजोर करने के लिए अनावश्यक नियम थोप रही है। प्रमोद तिवारी ने कहा कि जब चीन तथा पाकिस्तान दोनों सीमाओं पार से देश अशांति का सामना कर रहा है तो ऐसे समय केंद्र सरकार को सीमावर्ती राज्यों को विश्वास मे लेकर थोपे गये अशांति का डटकर मुकाबला करने को कहा है। सीडब्ल्यूसी मेंबर प्रमोद तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और ढांचागत अर्थव्यवस्था के मौजूदा खतरनाक हालात के लिए मोदी सरकार जिम्मेदार है। उन्होने कहा कि मंहगाई तथा बेरोजगारी व आतंकवाद समेत कई मुददो पर असफल मोदी सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है। श्री तिवारी ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश के चुनाव मे लखीमपुर खीरी किसान हत्या तथा कानून व्यवस्था एवं जनता की जरूरत के हर मोर्चे पर असफल भाजपा की सरकार को इन असफलताओं की कीमत चुकानी पड़ेगी। प्रमोद तिवारी ने देर शाम अझारा स्थित भागवत दत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय मे केडी मिश्र व समाजसेवी प्रकाशचंद्र मिश्र के संयोजन मे आयोजित कार्यक्रम मे भी शामिल हुये। इस मौके पर प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी, मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल, प्रमुख अमित प्रताप सिंह, चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी, राममिलन तिवारी, रामचन्द्र तिवारी, पप्पू तिवारी, ददन सिंह, सत्येन्द्र सिंह आदि रहे।



उत्तरप्रदेश








शेयर करें




































































