विदेशी सरगना दाऊद अहमद की संपत्ति होगी कुर्क, आगरा पुलिस ने भोपाल में नोटिस चस्पा किया
अवैध मतांतरण मामले में इंटरपोल के जरिए रेड कॉर्नर नोटिस की तैयारी
कोलकाता से बरामद हुई थीं दो युवतियां, 14 आरोपी पहले ही जेल में
अदालत में पेश न होने पर होगी कुर्की की कार्रवाई
लोकमित्र ब्यूरो
आगरा। अवैध मतांतरण प्रकरण में वांछित विदेशी सरगना दाऊद अहमद के अदालत में पेश न होने पर उसकी संपत्ति कुर्क किए जाने की कार्रवाई तेज हो गई है। आगरा पुलिस ने भोपाल स्थित उसके आवास पर न्यायालय से जारी नोटिस चस्पा कर दिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ इंटरपोल के माध्यम से रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने की तैयारी की जा रही है, ताकि कनाडा में रह रहे दाऊद अहमद को भारत लाया जा सके।
दो युवतियों के लापता होने से खुला था मामला
बताया गया है कि बीते वर्ष 24 मार्च को सदर क्षेत्र से लापता हुई दो युवतियों को 18 जुलाई को कोलकाता के मुस्लिम बहुल तपसिया इलाके से बरामद किया गया था। जांच के दौरान अवैध मतांतरण कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ था।
इस मामले में गिरोह के सरगना के रूप में दिल्ली के मुस्तफाबाद निवासी अब्दुल रहमान उर्फ महेंद्र पाल सिंह का नाम सामने आया था।
14 आरोपी पहले ही भेजे जा चुके हैं जेल
पुलिस ने अब्दुल रहमान के अलावा गोवा की आयशा उर्फ एसबी कृष्णा, शाहगंज के सराय ख्वाजा निवासी रहमान कुरैशी, हसन अली उर्फ शेखर राय तथा मोहम्मद अली उर्फ पीयूष पंवार समेत कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। सभी आरोपी वर्तमान में जेल में बंद हैं।
भोपाल स्थित मकान पर चस्पा किया गया नोटिस
हाल ही में आगरा पुलिस की टीम ने भोपाल के गांधीनगर स्थित रिलायबल हाइटेक सिटी कॉलोनी में दाऊद अहमद के आवास पर न्यायालय का नोटिस चस्पा किया। पुलिस ने उसके पिता जावेद और भाई को भी नोटिस तामील कराया तथा कॉलोनी में मुनादी कराई।
नोटिस के अनुसार दाऊद अहमद को फरवरी माह में अदालत में उपस्थित होना था। निर्धारित तिथि पर पेश न होने की स्थिति में उसकी संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।



आगरा









शेयर करें






































































