मऊआइमा के ग्राम गमरहटा की घटना, सुबह चौकीदार ने पुलिस को दी सूचना, नहीं हो सकी शिनाख्त
लोकमित्र ब्यूरो
मऊआइमा (प्रयागराज)। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम गमरहटा स्थित नहर में एक युवक की लाश उतराती हुई देखी गई। चौकीदार की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव बाहर निकलवाया। युवक का चेहरा धारदार हथियार से गोदा गया था। उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार मऊआइमा थाना क्षेत्र के ग्राम गमरहटा में शुक्रवार सुबह नहर में एक शव उतराता हुआ देख इसकी सूचना चौकीदार रूपनाथ यादव ने मऊआइमा थाने को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव नहर से निकलवाया तथा घंटों उसकी शिनाख्त कराने की कोशिश की परन्तु कोई पता नहीं चला। इंस्पेक्टर मऊआइमा सुरेश सिंह ने बताया कि मृतक की हत्या कहीं और करने के बाद शव यहां नहर में फेंक दिया गया। चूंकि चेहरे, गर्दन और आंख में धारदार हथियारों से गोदा गया है इसलिए शिनाख्त में दिक्कत हो रही है। मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष है। वह सफेद हाफ बनियान और छींटदार लोवर पहने हुए हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि तीन दिन शव चीरघर में रखा रहेगा। शिनाख्त न होने पर पोस्टमार्टम के बाद अज्ञात में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। फिलहाल प्रत्येक थाने को सूचना दे दी गई है।



उत्तरप्रदेश








शेयर करें








































































