Logo

बारिश शुरू होते ही छाता, रेनकोट व पन्नी की बढ़ी मांग

महंगाई के बावजूद दुकानो पर जुट रही भीड़
प्रतापगढ़ (ब्यूरो)। बारिश शुरू होते ही शहर में पन्नी, प्लास्टिक, जूते, चप्पल, छाता आदि की मांग बढ़ गई है। मांग बढ़ते ही इनके दामो में भी काफी उछाल आ गया है। प्लास्टिक की पन्नी तो कपड़ो से भी अधिक महंगी हो गई है। इसके बावजूद बाजारो में दुकानो पर खरीददारो की भीड़ पहुंच रही है। बताते चले कि शहर में सैकड़ो फुटपथिया कारोबारी है। जो बारिश में अपनी गुमटी और दुकानो पर पन्नी डालकर काम चलाते है। अभी मानसून का आगाज नहीं हुआ है मगर इस समय वर्षा का क्रम बना हुआ है। ऐसे में रेनकोट, छाता, प्लास्टिक की चप्पल, जूते, पन्नी आदि की बिक्री शुरू हो गई है। मौका देखकर दुकानदारो ने इन चीजो का दाम भी बढ़ा दिया है। प्लास्टिक की जा पन्नी पहले 60 रूपए प्रति मीटर बिक रही थी अब वह 70-80 रूपए प्रति मीटर पहुंच गई है। कम्पनी की पन्नी तो 80-100 रूपए तक बिक रही है। प्लास्टिक के चप्पल जूते भी महंगे हो गए है। बारिश के मौसम में इसकी मांग बढ़ जाती है। दुकानदार इसका भरपूर लाभ उठा रहे है। दुकानदारो का कहना है कि इस समय चप्पल 150 से 200 रूपए तक मिल रही है। जबकि पहले यह 80 से 100 रूपए में आराम से मिल जाती थी। जूते के लिए लोगो को 300 रूपए से 350 रूपए तक खर्च करना पड़ रहा है। छाता और रेन कोट का भी यही हाल है। औसत दर्जे के रेनकोट के लिए 1000 से 1200 रूपए खर्च करने पड़ रहे है। जबकि पिछले साल 600 से 1000 रूपए तक बिक रहे थे। दुकानदारो के मुताबिक छाता की कीमतो में भी बढ़ोत्तरी हुई है। पिछले साल जो छाता 180 से 200 रूपए में मिल रहा था। इस बार 200 से 250 रूपए में पहुंच गया है। हालांकि इन चीजो का दाम बढ़ने के बाद भी बाजारो में रौनक बरकरार है। दुकानदारो का कहना है कि इन चीजो के बिना बारिश से नहीं बचा जा सकता। लिहाजा अब करीब दो माह तक अच्छे कारोबार की संभावना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.