Logo

विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान मायके वालो ने दहेज हत्या का लगाया आरोप

प्रतापगढ़ (ब्यूरो)। उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव बलीपुर बोदवा में विवाहिता ने घरेलू विवाद के चलते फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर लिया। मायके वालो ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति, सास, ससुर एवं ननद के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे मंे लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया तथा मामले की प्राथमिकी दर्ज करके जांच कर रही है। बलीपुर बोदवा गांव निवासी अतुल कुमर सिंह की पत्नी रूबी सिंह 30 शुक्रवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे अपने कमरे में थी। उसने गले में साड़ी का फंदा लगाया तथा छत में लगे पंखे के सहारे झूल गई। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। परिजनों ने कमरे में उसका शव लटका देखा तो कोहराम मच गया। बताया जाता है कि अतुल की शादी करीब दो वर्ष पूर्व जनपद सुल्तानपुर में हुई थी। रिश्तेदारी में शादी पड़ी थी। उसमें रूबी को भी जाना था। पति अतुल ने जेवर की बात किया तो रूबी ने बताया कि जेवर मायके में रखा है। इसी बात पर पति पत्नी में विवाद हुआ था। इससे नाराज होकर रूबी ने फांसी लगा लिया। सूचना पाकर मायके के लोग भी पहुंच गए। मृतका के भाई महेन्द्र प्रताप सिंह ने पति अतुल, ससुर रवीन्द्र सिंह, सास गुड़िया एवं ननद आभा सिंह पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया। साथ ही मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.