न्यायालय, एडीजी और एसडीएम के आदेश पर ढहाए गए अवैध निर्माण
लोकमित्र ब्यूरो
मऊआइमा (प्रयागराज)। कब्रिस्तान पर वर्षों से अवैध रूप से किए गए कब्जे को बुलडोजर से ढहा दिया गया। यह कार्रवाई एडीजी और एसडीएम सोरांव के आदेश पर की गई। अब कब्जाधारकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी चल रही है। मिली जानकारी के अनुसार मऊआइमा कस्बा के मोहल्ला मुस्तफाबाद में अबरार अहमद, मुस्ताक, मुख्तार, सरफराज, दानिश, जुनैद, रिजवान आदि की आबाई कब्रिस्तान आराजी संख्या 4207 लगभग दो बीघा आठ बिस्वा पर मोहल्ला मुस्तफाबाद के मोहम्मद रमजान उर्फ गुड्डू पुत्र स्वर्गीय अब्दुल सत्तार तथा शमा परवीन आदि ने अवैध तरीके से कब्जा करके मडहा, छप्पर, बाउंड्री तथा पक्का मकान का निर्माण कर लिए थे। अबरार, मुस्ताक आदि लगातार इसकी शिकायत अधिकारियों से करते चले आ रहे थे। इस पर लेखपाल रामसागर ने पैमाइश करके कब्रिस्तान पर अवैध कब्जा करने की रिपोर्ट एसडीएम डॉ कंचन को दी। एसडीएम ने अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया। बावजूद इसके अतिक्रमण न हटाये जाने की शिकायत एडीजी से की गई। एडीजी ने तत्काल कब्जा हटाने का आदेश दिया। सोमवार को लेखपाल रामसागर, इंस्पेक्टर सुरेश सिंह, सब इंस्पेक्टर संजय मौर्या और महिला कांस्टेबल सहित अन्य सिपाहियों की मौजूदगी में बुलडोजर ने कब्रिस्तान पर किए गए अवैध निर्माण को धवस्त कर दिया। हल्का लेखपाल के मुताबिक कब्रिस्तान में बने पक्के मकान को न्यायालय के आदेश पर ध्वस्त किया गया। अब कब्जाधारकों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा।



उत्तरप्रदेश








शेयर करें








































































