मण्डलायुक्त ने आईजीआरएस से सम्बंधित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्धता के साथ निस्तारण सुनिश्चित कराये जाने के दिए निर्देश
प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रात में इमरजेंसी ड्यूटी लगाने के लिए निर्देश
प्रयागराज। मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में मंगलवार को गांधी सभागार में आईजीआरएस, विकास प्राथमिकता कार्यों की मण्डलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक में मण्डलायुक्त ने आईजीआरएस पोर्टल की शिकायतों के निस्तारण एवं उसकी गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए सभी सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समयसीमा में अनिवार्य रूप से किया जाये। आईजीआरएस के निस्तारण की गुणवत्ता की समीक्षा में मण्डलायुक्त ने अधिक संख्या में शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता का फीडबैक असंतोषजनक पाये जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने मुख्य अभियंता पीडब्डूडी, उपायुक्त खाद्य तथा मुख्य वनसंरक्षक से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। मण्डलायुक्त ने सभी अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा है कि शिकायतों का निस्तारण शीर्ष प्राथमिकता पर गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाये, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार्य नहीं है।
विकास कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने जल जीवन मिशन फेज-2 के अन्तर्गत कराये जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने हर घर जल योजना के अन्तर्गत कनेक्शन दिए जाने के कार्यों में तेजी लाये जाने का निर्देश सम्बंधित कार्यदायी संस्था को दिया है। पशुपालन विभाग की समीक्षा में मण्डलायुक्त ने छुट्टा घूमने वाले पशुओं को बनाये गये निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों में संरक्षित किए जाने का निर्देश दिया है। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने सभी प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर रात्रि में इमरजेंसी ड्यूटी में लगाये गये चिकित्सकों को अनिवार्य रूप से स्वास्थ्य केन्द्रों पर रहने के निर्देश दिए है। इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रयागराज संजय कुमार खत्री, जिलाधिकारी प्रतापगढ़ डाॅ0 नितिन बंसल, जिलाधिकारी कौशाम्बी सुजीत कुमार, जिलाधिकारी फतेहपुर श्रीमती श्रुति सहित सभी जनपदों के मुख्य विकास अधिकारीगणों के साथ ही अन्य विभागों के मण्डलीय अधिकारी उपस्थित रहे।



उत्तरप्रदेश








शेयर करें









































































