लोकमित्र ब्यूरो
नैनी (प्रयागराज)। स्वदेशी शिल्प महोत्सव के मंच पर आठवें दिन भारतीय संस्कृति के मंच के इतिहास में प्रथम बार संपन्न होने वाली प्रस्तुति “मन की बात कार्यक्रम” के रूप में संपन्न हुई, जब पीयूष ग्रामोद्योग सेवा समिति एवं यमुनापार कलाकार संघ ने यमुनापार के आधारशिला वृद्ध आश्रम के एक दर्जन से अधिक बुजुर्गों को मंच पर लाकर उनका सम्मान किया एवं उनके द्वारा गीत, संगीत एवं लोक विधा की प्रस्तुतियां करा कर दर्शकों को भारतीय संस्कृति परंपरा से परिचित कराया। संस्था द्वारा समस्त बुजुर्गों को तुलसी का वृक्ष एवं अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया तथा संस्था के सदस्यों ने बुजुर्गों का पैर छूकर आशीर्वाद लिया। यह दृश्य वास्तव में सिर्फ महोत्सव में मौजूद समस्त क्षेत्रवासियों की आंखें नम करने वाला था क्योंकि वृद्ध आश्रम के बुजुर्गों ने गीत संगीत के माध्यम से अपने दर्द को बयां किया तो प्रांगण में मौजूद हर शख्स के आंसू छलक आए। अपने बेटे, बेटियों, बहू द्वारा प्रताड़ित होकर अथवा उचित सम्मान ना मिलने के कारण वृद्ध आश्रम का सहारा लेकर रहने वाले बुजुर्ग आज स्वच्छंद रूप से मंच पर सम्मान पाकर एवं प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर पाकर काफी खुश एवं स्वतंत्र दिखाई दिए। संस्था के सचिव दत्तात्रेय पांडे ने बताया कि यह पहल हिंदुस्तान के मंच पर की जाने वाली पहली पहल है। जो कि भारतीय नौनिहालों को अपने माता-पिता के प्रति सम्मान एवं आदर भाव रखने के लिए कराई गई थी। इसके पश्चात मुंबई से आए मशहूर स्टैंड अप कॉमेडियन कपिल शर्मा शो के डायलॉग राइटर रोहित सिंह तथा स्टैंड अप कॉमेडियन सचिन राजपूत द्वारा दर्शकों को मिमिक्री तथा कॉमेडी की प्रस्तुति से काफी गुदगुदाया गया। कार्यक्रम के अंत में गूज म्यूजिकल ग्रुप द्वारा विशेष प्रस्तुति गूंज म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों द्वारा म्यूजिकल इवनिंग कराकर हुई। गायक एवं अभिनेता तथा कार्यक्रम के सांस्कृतिक प्रभारी प्रियांशु श्रीवास्तव ने बताया कि आज का कार्यक्रम सामाजिक समरसता एकता अखंडता को मजबूत करने के उद्देश्य से वृद्ध आश्रम के बुजुर्गों का सम्मान करने के लिए किया गया था। कॉमेडी किंग राजू श्रीवास्तव के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि देने हेतु मुंबई से स्टैंड अप कॉमेडियन रोहित सिंह को आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम की शुरुआत में सांस्कृतिक निर्देशन कर रहे गायक आशीष शर्मा ने भजनों की झड़ी लगाकर जनता को बांधे रखा।



उत्तरप्रदेश








शेयर करें








































































