व्यवस्था न होने से बढ़ी दिक्कत
लोकमित्र ब्यूरो
मेजा (प्रयागराज)। क्षेत्र में पटरी से उतर चुकी विद्युत आपूर्ति व्यवस्था से ब्लॉक महकमे की आनलाइन व्यवस्था ऑफ लाइन हो गयी है। उरुवा ब्लॉक के सहायक विकास अधिकारी पंचायत सुदामा राम गावड़े ने बताया कि बिजली की आवाजाही और लो वोल्टेज से पूरे महीने भर से कार्य प्रभावित हो रहा है। सरकार की ऑन लाइन व्यवस्था बेशक हाईटेक है औऱ दफ्तरों के काम काज पर इसका बेहतर प्रभाव है।विद्युत व्यवस्था के अभाव में यह पूरी व्यवस्था ठप हो जाती है और कामकाज इस वजह से बुरी तरह प्रभावित हो जाता है। क्षेत्र के उरुवा और मेजा ब्लॉक मुख्यालयों की ऑन लाइन व्यवस्था पूरे महीने भर से पूरी तरह चरमरा गई है।बिजली की अघोषित कटौती के साथ उरुवा ब्लॉक मुख्यालय लो बोल्टेज की समस्या से जूझ रहा है। एडीओ पंचायत ने बताया कि बिजली की बार बार ट्रिपिंग बड़ी समस्या है।उससे भी अधिक लो वोल्टेज की वजह से दिक्कतें आ रही हैं। श्री गावड़े ने बताया कि ब्लॉक में कोई अल्टरनेट व्यवस्था जैसे जेनरेटर और सोलर पैनल भी नही है, जिससे कम्प्यूटर या अन्य मशीनों से कार्य किया जा सके।बिजली के अभाव में आईजीआरएस,ई ग्राम स्वराज पोर्टल के साथ विभिन्न विकास कार्यों की फीडिंग और रिपोर्टिंग नही हो पा रही है।ग्राम पंचायत अधिकारियों सहित टेक्निकल स्टाफ की फीडिंग प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पंचायतों के विकास को लेकर गंभीर है और अमले के अफसर प्रत्येक योजनाओं की कार्य प्रगति की रिपोर्ट मांगते हैं।यह सब कुछ बिजली के अभाव में संभव नही है। उन्होंने कहा ब्लॉक से जुड़े लोग चाहकर भी अपडेट नही हो पा रहे हैं।इसके बाद कामचोरी का ठीकरा भी महकमे के सर फोड़ा जाता है। कमोवेश यही हालत मेजा ब्लॉक मुख्यालय का भी है,जहां बिजली की वजह से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।अधिकारियों को व्यवस्था बहाली के लिए गम्भीर प्रयास करने होंगे।



उत्तरप्रदेश








शेयर करें








































































