जिले के मानक को पूरा करने को कृतसंकल्प सांसद विनोद सोनकर
कौशाम्बी । जनपद का सृजन के बाद से आज तक जिले का मानक पूरा नही हो पा रहा है। वही फतेहपुर जनपद के धाता ब्लाक क्षेत्र की जनता लगातार प्रार्थना पत्र के माध्यम से कौशाम्बी जनपद में जोड़ने की मांग करती चली आ रही है। बता दे कि धाता ब्लाक से फतेहपुर मुख्यालय की दूरी लगभग 80 किलो मीटर है ।जिससे आम जनता को अपनी समस्याओं के निस्तारण के हेतु काफी परेशानी उठानी पड़ती है। जबकि धाता से कौशाम्बी जिला मुख्यालय मंझनुपर की दूरी मात्र 15 किलोमीटर है। नतीजन धाता क्षेत्र की जनता लगातार मांग करती चली आ रही है कि धाता ब्लाक को कौशाम्बी जनपद से जोड़ा जाये। उक्त मुद्दे को लेकर सांसद विनोद सोनकर ने जिले के प्रभारी मंत्री अनिल राजभर के समक्ष धाता को कौशाम्बी में शामिल करने का प्रस्ताव रखा। जिस पर जिले के प्रभारी मंत्री ने प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजने की बात की थी। इसी कड़ी में सांसद विनोद सोनकर ने गुरुवार को जिलाधिकारी कौशाम्बी को जिले के मानक को पूरा करने के लिये शासन को प्रस्ताव बनाकर भेजने का निर्देश दिया है। सांसद ने उक्त क्रम में कृत कार्यवाही से अवगत कराने को भी डीएम को कहा है। सांसद विनोद सोनकर ने कहा कि जनपद फतेहपुर के अन्तिम छोर पर बसे धाता ब्लाक के वासियों की पीड़ा बिल्कुल सही है। उनकी मांग जायज है ।इस क्षेत्र का समुचित विकास नही हो पा रहा है। क्षेत्र काफी पिछड़ा है। कौशाम्बी जनपद में जुड़ने से कौशाम्बी जनपद का मानक तो पूरा हो ही जायेगा साथ ही धाता ब्लाक क्षेत्र की जनता भी मुख्य धारा से जुड़ जायेगी।सांसद ने कहा कि जनपद के मानक को पूरा करने हेतु वह कृतसंकल्प है। उक्त आशय की जानकारी सांसद के मीडिया प्रभारी राजेन्द्र पाण्डेय ने गुरुवार को दी है।



उत्तरप्रदेश








शेयर करें








































































