जनपद न्यायालय के न्यायाधीश व प्रशासनिक अधिकारी गण लेंगे भाग
भयहरणनाथ धाम । प्रसिद्ध पांडव कालीन भयहरणनाथ धाम में आजादी के अमृत वर्ष पर केंद्रित विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में 26 अक्टूबर को होगा। इस अवसर पर जनपद न्यायालय के न्यायाधीश गण तथा पुलिस व प्रशासन सहित सम्बंधित विभागों के अधिकारी गण भाग लेंगे। यह जानकारी देते हुए भयहरणनाथ धाम के महासचिव समाज शेखर ने बताया कि जनपद में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष माननीय जिला जज संजय शंकर पांडेय के कुशल मार्गदर्शन व सचिव नीरज कुमार त्रिपाठी के संयोजन में जनपद के विविध स्थलों पर यह आयोजन हो रहा है। इसी कड़ी में भयहरणनाथ धाम में कार्यक्रम आयोजित है। इस कार्यक्रम में राजस्व, पुलिस, विकास सहित सम्बंधित विभागों के अधिकारी गण भी प्रतिभाग करेंगे। समाज शेखर ने बताया कि इस अवसर पर जनसामान्य को आजादी के अमृत वर्ष की उपादेयता से जहाँ परिचित कराया जाएगा वहीं जन सामान्य विधिक सेवा प्राधिकरण से कैसे निशुल्क सहायता प्राप्त कर सकेगा इसके प्रति जागरूक व प्रशिक्षित किया जाएगा। विधिक साक्षरता शिविर में तहसीलदार सदर, खंड विकास अधिकारी मान्धाता व थानाध्यक्ष जेठवारा को आवश्यक जिम्मेदारी सचिव जिला विधिक साक्षरता समिति द्वारा दी गई है। वहीं स्थानीय सहयोग व समन्वय हेतु भयहरणनाथ धाम की प्रबन्ध संस्था भयहरणनाथ धाम क्षेत्रीय विकास संस्थान को जिम्मेदारी दी गई है। 26 अक्टूबर दिन मंगलवार को दोपहर 12 बजे से धाम में उक्त शिविर का आयोजन होगा। जनपद के 1857 की क्रांति के महानायक नोटेबल राजा बाबू गुलाब सिंह की स्मृतियो को भी तरोताजा करने हेतु जांबाज हिंदुस्तानी सेवा समिति द्वारा एक लघु प्रदर्शनी का भी आयोजन होगा। यू पी एस मॉडल स्कूल कटरा गुलाब सिंह के बच्चों द्वारा विषय पर कुछ प्रस्तुतियां भी होंगी। कार्यक्रम की व्यवस्था में प्रबन्ध समिति की ओर से अध्यक्ष अरविंद नारायण त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष लालजी सिंह , उपाध्यक्ष राज कुमार शुक्ल, सचिव कमलेश वैश्य , उप सचिव आलोक बैरागी , विशेष आमंत्रित सदस्य अनुज सिंह व ज्ञानेंद्र त्रिपाठी मुन्ना को विशेष जिम्मेदारी दी गई है।



उत्तरप्रदेश








शेयर करें








































































