समझौता न करने से नाराज बलात्कार के आरोपित और उसके परिजनों ने मिलकर अंजाम दी घटना
महेवाघाट (कौशाम्बी)। महेवाघाट थाना अंतर्गत ढेरहा गांव में थाने से शिकायत करके घर लौट रही रेप पीड़िता की आरोपितों ने दिन दहाड़े कुल्हाड़ी और फरसे से काटकर हत्या कर दी। नृशंस हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर करवाई शुरू कर दी है। क्षेत्र में चर्चा है कि यदि पुलिस ने समय पर मुस्तैदी दिखाई होती तो युवती की हत्या रोकी जा सकती थी। ढेरहा गांव के पवन कुमार पुत्र रामकृपाल केवट ने लगभग 3 साल पहले गांव की एक किशोरी के साथ बलात्कार किया था। घटना के बाद वह जेल चला गया था। आरोपित पवन कुमार करीब एक माह पहले जमानत पर छूट कर घर आया था। चर्चा है कि जमानत पर छूटने के बाद आरोपित, उसके भाई और पिता सभी मिलकर रेप पीड़िता पर सुलह समझौते का दबाव डाल रहे थे। सोमवार दोपहर को भी आरोपित और उसके घरवालों ने पीड़िता के घर चढ़कर घंटों गाली गलौज की थी। आरोप है कि समझौता न करने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। आरोपित के भाइयों का संगीन आपराधिक इतिहास होने के कारण काफी देर तक चले तांडव के बावजूद गांव का कोई व्यक्ति बीच बचाव करने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। इन लोगों के जाने के बाद रेप पीड़िता ने महेवाघाट थाने जाकर सोमवार को हुई घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए शिकायती पत्र दिया। थाने से जब वह घर लौटी तो वहीं घात लगा कर बैठे बलात्कार के आरोपित, उसके परिजनों और साथियों ने मिलकर कुल्हाड़ी और फरसे से ताबड़तोड़ वार कर नृशंस तरीके से युवती की हत्या कर दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।



उत्तरप्रदेश









शेयर करें








































































