मण्डलीय समीक्षा बैठक में मण्डलायुक्त ने आईजीआरएस से सम्बंधित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्धता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किए जाने के दिए निर्देश
प्रयागराज। मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में गुरूवार को आईजीआरएस, विकास प्राथमिकता कार्यों की मण्डलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक में मण्डलायुक्त ने आईजीआरएस पोर्टल की शिकायतों के निस्तारण एवं उसकी गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए सभी सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समयसीमा में अनिवार्य रूप से किया जाये। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता को सुनवाई का अवसर अवश्य दिया जाये साथ ही साथ उन्होंने यह भी कहा कि जमीन सम्बंधी शिकायतों के निस्तारण में नजरी नक्सा अवश्य रहे। मण्डलायुक्त ने कहा कि शिकायत के निस्तारण से शिकायतकर्ता को अवगत भी करा दिया जाये। उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के बाद नहीं होना चाहिए। मण्डलायुक्त ने विभागवार राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी सम्बंधित विभागों को राजस्व वसूली बढ़ाये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने आर0सी0 की वसूली शत-प्रतिशत सुनिश्चित हो, इसके लिए एक कार्य योजना बनाये जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने इसके साथ ही साथ प्रत्येक तहसील में अमीनवार पेंडिंग आर0सी0 की सूची भी तैयार करने के निर्देश दिए है। आबकारी विभाग की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने कहा कि किसी भी दशा में शराब बिक्री में ओवर रेटिग की शिकायत नहीं होनी चाहिए साथ ही साथ उन्होंने यह भी कहा कि शराब की दुकानों पर जो भी कर्मचारी कार्य करते है, उनका पुलिस वैरीफिकेशन अनिवार्य रूप से कराये। मण्डलायुक्त ने निर्देशित किया है कि जिस व्यक्ति के नाम से लाइसेंस निर्गत हुआ है, वहीं व्यक्ति दुकान को चलाये, किसी भी अन्य व्यक्ति को दुकान संचालन के लिए किसी भी दशा में हस्तांतरित न करें। इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रयागराज संजय कुमार खत्री, जिलाधिकारी प्रतापगढ़ प्रकाश चन्द्र श्रीवास्तव, जिलाधिकारी कौशाम्बी सुजीत कुमार, जिलाधिकारी फतेहपुर श्रीमती श्रुति, मुख्य विकास अधिकारीगणों के साथ ही अन्य विभागों के मण्डलीय अधिकारी उपस्थित रहे।



उत्तरप्रदेश









शेयर करें




































































