प्रयागराज। जैसे जैसे नगर निकाय चुनाव की तारीख नजदीक आती जा रही है, वैसे वैसे हर दल के नेता और पदाधिकारी हर हाल में चुनाव जीतने के लिए रणनीति बना रहे है। आज बसपा के कार्यालय में बसपा के वरिष्ठ पदाघिकारी अपने प्रत्याशी पूर्व विधायक सईद अहमद की जीत के लिए रणनीति बनाते नज़र आये। पदाघिकारियों में बसपा के जिला अध्यक्ष अतुल कुमार टीटू के नेतृत्व में पूर्व जिला अध्यक्ष अवधेश चंद्र गौतम, चिंतामणि वर्मा, हरिश्चंद्र कुरील और मंडल में पदाधिकारी अलोक चौधरी, सचिन कुमार ने हर वार्ड में कैसे बसपा आगे निकले और वहां प्रत्याशी के साथ कैसे कोर्डिनेशन हो इस पर विमर्श किया। बसपा ने महापौर के चुनाव में जीत के लिए तीन स्तर के प्लान पर अपनी योजना बनायीं है। पहला जो मजबूत वार्ड हैं खास तौर पर गंगापार के दस वार्ड जहाँ से प्रत्याशी खुद विधायक रहे हैं और इसके आलावा यमुनापार के वार्ड जहाँ बहुजन पार्टी मजबूत है वहां पर किस तरह की रणनीति हो ताकि वार्ड में सभासद प्रत्याशी के साथ साथ महापौर की जीत सुनिश्चित हो। इस पर गहन रणनीति बनी और यहाँ प्रत्याशी के कम कार्यक्रम लेकिन लोकल नेताओं को सक्रिय किया गया। दूसरे स्तर पर वे वार्ड हैं जहाँ बसपा के पार्षद रह चुके हैं और बसपा के वोटर बड़ी संख्या में हैं, वहां प्रत्याशी के जनसंपर्क का भी प्रोग्राम बनाया गया ताकि लोगों को उत्साहित किया जा सके और दोबारा बसपा उन वार्डों में जीत सके जिससे नगर निगम चुनाव में सफलता मिले। तीसरे नंबर पर वह वार्ड हैं जहाँ बसपा नहीं जीती है या नहीं जीतने की सम्भावना है, उन वार्डों के लिए अलग रणनीति पर काम किया जा रहा है। जिसमें बसपा सभासद प्रत्याशियों के साथ साथ अन्य दलों के नाराज नेताओं को जोड़ने के काम में बसपा लगी हुई है। प्रयागराज में अतीक अहमद की हत्या और अतीक की बीबी का यह कहना कि इसके लिए अखिलेश यादव ने उकसाया था, का फायदा लेने के लिए बसपा मुस्लिम एरिया में लगातार कार्यक्रम करके यह बताने में सफल होती दिखाई दे रही है कि दलित मुस्लिम मतदाता एक हो जायँ तो लगभग तीन लाख मुस्लिम मतदाता और तीन लाख से ज्यादा दलित मतदाता अपना महापौर बना सकते हैं। मंडल इंचार्ज घनश्याम चंद्र खरवार लगातार अपने सहयोगी इंचार्ज राजू गौतम के साथ कर्यक्रम में लगे हुए हैं और नुक्कड़ सभाओं के साथ साथ बड़ी सभाओं के माध्यम से बसपा प्रत्याशी को मजबूत कर रहे हैं।
चुनावी रणनीति पर बात करते हुए जिला अध्यक्ष अतुल कुमार टीटू ने कहा कि बसपा की तैयारी मुकम्मल है और प्रयागराज महानगर इस बार इतिहास लिखेगा जब तेरह मई को जीत मिलेगी। पूर्व जिलाध्यक्ष चिंतामणि वर्मा के अनुसार हर वार्ड में बसपा पदाधिकारी और कार्यकर्त्ता मेहनत कर रहे हैं। पूर्व जिलाध्यक्ष हरिश्चंद्र कुरील ने बताया कि यमुनापार में बसपा लगभग सारे वार्ड में जीत रही है और महापौर प्रत्याशी सईद अहमद के पक्ष में माहौल बनने लगा है। ज्ञात हो कि नगर निकाय का मतदान पहले चरण में चार मई को होगा और गिनती तेरह मई को होगी। कुल प्रन्द्रह लाख से ज्यादा मतदाता अपने महापौर और पार्षद का चुनाव करेंगी।



उत्तरप्रदेश









शेयर करें








































































