सदर तहसील के कोरीपुर और सिराथू तहसील के बिछौरा गांव में हुई घटना
मृतक के परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
कौशाम्बी। बारिश जहां एक ओर किसानों के लिए वरदान साबित हुई, वहीं दूसरी ओर यह दो परिवारों के लिए आफत बन गई। बारिश के साथ गिरी आकाशीय बिजली से मंगलवार को सदर और सिराथू तहसील क्षेत्र के दो गांवों में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में सिराथू तहसील के बिछौरा गांव निवासी नथन पटेल की 20 वर्षीय बेटी रंजना तथा सदर तहसील के कोरीपुर गांव के अच्छेलाल सरोज की पत्नी लक्ष्मी देवी शामिल है। घटना की सूचना पर पहुंची स्थानीय थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जाता है कि सदर कोतवाली क्षेत्र के बिछौरा गांव निवासी नथन पटेल की 20 वर्षीय पुत्री रंजना देवी अपने परिवार के लोगों के साथ गांव के बाहर खेत में धान की रोपाई करने गई थी। इसी दौरान बिजली कड़कने की आवाज के साथ गिरी आकाशीय बिजली के चपेट में आने से वह बुरी तरह जख्मी हो गई। परिजन अभी कुछ समझ पाते कि रंजना ने दम तोड़ दिया।ं परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृत के घर पर चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं सदर तहसील के कोरीपुर गांव निवासी अच्छेलाल सरोज की पत्नी लक्ष्मी भी गांव के बाहर महिलाओं के साथ खेत में धान की रोपाई कर रही थी। मंगलवार दोपहर बाद करीब चार बजे हो रही बारिश के दौरान आकाशीय बिजली आ गिरी। इससे लक्ष्मी भी गंभीर रूप से झुलस गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने मत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृत के घर पर चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। संबंधित थाने की पुलिस ने मृतक के शवों का पंचनामा भर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।



उत्तरप्रदेश








शेयर करें








































































