रेंजर ने पौधरोपण कर वन महोत्सव का किया आगाज
पंचायत प्रतिनिधियों से पौधरोपण को जनांदोलन बनाने की अपील
लोकमित्र ब्यूरो
मेजा (प्रयागराज)। पर्यावरण सुधार के लिए पौधरोपण को जन आंदोलन बनाने के लिए वन क्षेत्र मेजा रेंज के रेंजर अजय सिंह ने पंचायत प्रतिनिधियों के साथ मिलकर आगाज किया है।अजय सिंह ने उरुवा प्रमुख प्रतिनिधि भोला गौतम के साथ मिलकर रेंज के ब्लॉक वन में पौधरोपण और बीज रोपण के वन महोत्सव की शुरूआत की है।उन्होंने लोगों से पौध रोपण कर जीवनोपयोगी पर्यावरण बनाने की अपील की है। वन क्षेत्राधिकारी अजय सिंह ने सोमवार को वन महोत्सव के तहत पौध रोपण कर आम लोगों के लिए इस अभियान से जुड़ने के लिए एक संदेश दिया है।एक जुलाई से सात जुलाई तक चलने वाले वन महोत्सव के तहत अधिक से अधिक पौध लगाकर पर्यावरण को सँवारने के लिए प्रेरित किया है।श्री सिंह ने कहा कि पूरी दुनिया दूषित पर्यावरण से जूझ रही है।विभिन्न कारणों से वन क्षेत्र तेजी से सिकुड़ रहा है और जलवायु पर इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है।हवा में घुले जहर से लोग जूझ रहे हैं और असमय मौत का ग्राफ तेजी से बढा है। पौधरोपण से ही इस पर काबू पाया जा सकता है। रेंजर अजय सिंह ने पौधरोपण को जन आंदोलन बनाने की अपील की।कहा लोग अपनी भूल सुधारें,पर्यावरण का रूप निखारें जैसे मन्त्र को आत्मसात कर लोग खुद के साथ आम जीवन की रक्षा और सुरक्षा के लिए प्रयास करें।प्रदेश सरकार इस वर्ष तीन करोड़ पेड़ लगाने का लक्ष्य तय किया है। मुख्यमंत्री ने रोपे जाने वाले पौधों की सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिया है कि उक्त पौधों पर टैग लगाए जांय। रेंजर ने कहा कि पँचायत के जरिये पौधरोपण की मुहिम को आगे बढ़ाया जा रहा है। मौके पर वन विभाग का स्टाफ और प्रमुख प्रतिनिधि उरुवा भोला गौतम,मेजा प्रमुख प्रतिनिधि गंगा प्रसाद मिश्र,पूर्व प्रमुख मुन्नन शुक्ल,प्रधान हरिबिलास यादव सहित कई प्रधान मौजूद रहे।



उत्तरप्रदेश








शेयर करें




































































