पड़ोसी के घर दबंगों ने मचाया उत्पात, की मारपीट
लोकमित्र ब्यूरो
कौशाम्बी। चरवा कोतवाली के पतेरिया गांव में दबंगों ने पड़ोसी के घर जमकर तांडव किया। जमीन की रंजिश में कहासुनी के बाद आरोपितों ने कुनबे को बेरहमी से पीट दिया। मोहल्ले के लोगों के बीच-बचाव करने पर कुनबे की जान बची। पीड़ित का प्राथमिक उपचार कराने के बाद पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। चरवा के पतेरिया गांव के कल्लू का पड़ोसी से जमीन का विवाद चल रहा है। इसी अदावत में दोनों परिवार के बीच कई बार कहासुनी भी हो चुकी है। इसी अदावत में बुधवार की शाम दबंगों ने उसके घर पर धावा बोल दिया। घर में घुसकर दबंगों ने कुनबे को दबोचते हुए बेरहमी से पीटते हुए अधमरा कर दिया। दंपती के साथ मारपीट देख घर-परिवार के साथ मोहल्ले के अन्य लोग भागकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बीच-बचाव करते हुए मामला शांत कराया। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजकर प्राथमिक उपचार कराया। इसके बाद पीड़ित से तहरीर लेकर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। दबंगों के कातिलाना हमले के बाद से पीड़ित परिवार डरा-सहमा हुआ है।



उत्तरप्रदेश








शेयर करें







































































