अमर काला मैन ऑफ द टूर्नामेंट एवं बेस्ट बॉलर, सौरभ त्रिपाठी बेस्ट बैटर
प्रयागराज। यादवेंद्र सिंह यादव की विस्फोटक पारी (94 रन, 52 गेंद, आठ चौके, आठ छक्के) से प्रयाग जिमखाना ने आरएनपी ग्रुप को आठ विकेट से हराकर कालीदास टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताब पर कब्जा जमा लिया। दौलत हुसैन कॉलेज मैदान पर बुधवार को खेले गये फाइनल मैच में टॉस जीतकर आरएनपी ग्रुप ने 20 ओवर में 157 रन (सौरभ सिंह 50, अभिषेक सिंह 31, सौरभ त्रिपाठी 27, आनंद सागर तीन, शाश्वत मिश्र व शुभ शर्मा दो-दो विकेट) बनाये। जवाब में प्रयाग जिमखाना ने 15.4 ओवर में 2 विकेट पर 158 रन (यादवेंद्र सिंह यादव 94, मनु राजा 31, विराट जायसवाल 21, वैभव पाल व हर्ष शर्मा एक-एक विकेट) बना लिये। समापन समारोह के अतिथि एसीएमओ डॉ. सत्येन राय ने विजेता टीम को ट्रॉफी एवं 35000 रुपये, डॉ. अजय शुक्ला ने उपविजेता टीम को 21000 रुपये एवं ट्रॉफी और डॉ. शितांशु शुक्ला, सोहन यादव व अनुपम जायसवाल ने विशेष पुरस्कार प्रदान किये। यादवेंद्र सिंह मैन ऑफ द मैच, सौरभ त्रिपाठी बेस्ट बैटर एवं अमर काला को बेस्ट बॉलर के साथ मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। प्रतियोगिता के संरक्षक आशीष यादव ने अतिथियों का स्वागत, महासचिव मनीष यादव ने धन्यवाद ज्ञापित किया। मैच में मो. आरिफ एवं मो. नबी ने अंपायरिंग और खुर्शीद अहमद राईन ने स्कोरिंग की। कमेंट्री एवं कार्यक्रम का संचालन अनवर सिद्दीकी ने किया। इस मौके पर शमशेर अली, अनुज यादव, धर्मेंद्र यादव, मो. शहाब, चौधरी सईद अहमद, शाहिद अस्करी, योगेंद्र पांडेय, मो. रिजवान, आमिर आब्दी आदि मौजूद रहे।



उत्तरप्रदेश








शेयर करें




































































