श्रीआनंदबिहारीजी मंदिर सब्जीमंडी-शाहगंज में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्णजन्माष्टमी
प्रयागराज। सब्जीमंडी-शाहगंज स्थित श्रीआनन्दबिहारीजी श्री राधाकृष्ण मंदिर में आज सोमवार को धूमधाम से लीलाधारी भगवान श्रीकृष्ण जी का प्राकट्योत्सव मनाया गया। दिन भर चले भजन कीर्तन के बाद आधी रात को भगवान का प्रतीकात्मक अवतरण कराने के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। जन्मोत्सव के लिए मंदिर को विद्युत लाइट से दुल्हन की तरह सजाने के साथ भगवान श्री राधा कृष्ण की आकर्षक झांकी सजाई गई थी। रंगोली आदि के माध्यम से झांकी को भव्य रूप प्रदान किया गया था। मंदिर के पुजारी दिगम्बर त्रिपाठी ने बताया कि सुबह से ही मंदिर में भजन कीर्तन का कार्यक्रम शुरू हो गया था। यह जन्म के बाद भी जारी रहा। इससे पहले दोपहर में बलदाऊ जी का भी जन्म मनाया गया। आधी रात अर्थात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण जी के जन्म लेते ही श्रद्धालु खुशी से झूम उठे और पूरा इलाका श्रीराधेकृष्ण के उद्घोष से गूंज उठा। इसके बाद भगवान की आरती फिर समस्त श्रद्धालुओं ने, भये प्रकट कृपाला दीनदयाला जसुमती हितकारी, से कन्हैया जी की स्तुति गान किया। जन्म और आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण का यह प्राकट्योत्सव मंदिर में छह दिनों तक चलेगा। रात्रि में भजन और सोहर गीत होंगे तथा शनिवार को भगवान की छठी मनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि भजन-कीर्तन, जन्मोत्सव, प्रसाद वितरण आदि कार्यक्रम के दौरान कोरोना गाइड लाइन का पूरा पालन किया गया। मंदिर में प्रवेश करने वाले सभी श्रद्धालु मास्कयुक्त थे।



उत्तरप्रदेश








शेयर करें








































































