पुलिस को धक्का दे बोलेरो से भागा शातिर, दारोगा समेत दो जख्मी
भागने के चक्कर में अपराधी ने बोलेरो से कई वाहनों को मारी टक्कर
रेलवे परिसर में मची रही अफरातफरी
प्रतापगढ़। अकेले बूते पर बोलेरों में बैठे शातिरों पर हाथ डालकर हीरो बनने चले दारोगा को मुंह की खानी पड़ी। शातिर इनसे ज्यादा चालाक निकले। एक गाड़ी से कूदकर फरार हो गया। दूसरा दारोगा और ईरिक्शा चालक को घायल करता हुआ बोलेरो लेकर भाग निकला। रास्ते में जो भी वाहन मिला वह उन्हें ठोकता हुए गया। पुलिस वाले हाथ मलते रह गए। इस घटना से रेलवे परिसर में अफरा तफरी मच गई। लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस घटना से पुलिस की किरकिरी हो रही है। जानकारी के अनुसार यूपी 45डी 3537 नंबर की बोलेरो प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन परिसर में खड़ी थी। उसके अंदर दो लोग बैठे थे। वहां मौजूद वाहन चालकों ने बताया सुबह करीब आठ बजे भंगवा चौकी इंचार्ज सादे में एक सिपाही के साथ बोलेरो की तरफ बढ़े। तभी गाड़ी में बैठे दोनो को शक हुआ। आगे बैठे युवक ने फौरन बोलेरो स्टार्ट कर दी और भागने लगा। तभी दरोगा गाड़ी के पास पहुंच गए। उन्होंने गाड़ी का शीशा खुलवाया। अंदर हाथ डालकर चाभी निकलने लगे। तभी युवक ने बिना डरे गाड़ी भगा दी। इसी बीच अंदर बैठा दूसरा युवक गेट खोलकर टिकट घर की तरफ भाग निकला। इसके पहले दारोगा और उनके सहयोगी कुछ कर पाते। बोलेरो वाला इन्हे गाड़ी से धकियाते हुए फरार हो गया। इसमें दारोगा को मामूली चोटें आई। गाड़ी भगाने के चक्कर में रास्ते में ई रिक्शा चालक बंटी सिंह टकरा गया। उसके पैर में चोट आई। बैक करते समय वहां खड़े कई टेंपो को भी उसने धक्का मारा। इससे अफरातफरी मच गई। लोग भागने लगे। यह पूरी घटना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में क़ैद हुई है। भागने वाले लोग कौन थे इसका कुछ भी पता नहीं चल सका है। चौकी इंचार्ज ने इतना बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि रेलवे परिसर में खड़ी बोलेरो में बैठे लोग अपराधी हैं। मगर पुलिस को देखकर वे लोग भाग गए। लोगों का कहना है कि इंचार्ज जीआरपी और आरपीएफ की मदद ले सकते थे। शातिर पकड़े जाते।