केवीके में उद्घाटन समारोह का सीधा प्रसारण किसानों को दिखाया गया
कुंडा-प्रतापगढ़। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद आईसीएआर का 95वां स्थापना दिवस एनएएससी कॉम्प्लेक्स के डॉ. सी. सुब्रमण्यम ऑडिटोरियम नई दिल्ली में मनाया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर तथा केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री पुरूषोत्तम रूपाला ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कृषि विज्ञान केन्द्र में किसानों को दिखाया गया। साथ ही साथ कृषि विज्ञान केन्द्र ऐंठु में भी आईसीएआर. स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं हेड डॉ एके श्रीवास्तव ने बताया कि 16 जुलाई, 1929 को स्थापित इस संस्था का नाम पहले इंपीरियल काउंसिल ऑफ एग्रीकल्चरल रिसर्च था। भारत में बागवानी, मात्स्यिकी और पशु विज्ञान सहित कृषि के क्षेत्र में समन्वयन, मार्गदर्शन और अनुसंधान प्रबंधन व शिक्षा के लिए यह परिषद सर्वोच्च निकाय है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद ने देश में हरित क्रांति लाने और उसके बाद कृषि में निरंतर विकास में अपने अनुसंधान व प्रौद्योगिकी विकास में अहम भूमिका निभाई है। पशु चिकित्साधिकारी डॉ अमित बरनवाल ने किसानों को पशु विज्ञान, मुर्गीपालन और मत्स्य पालन में विकसित प्रौद्योगिकियों को बताया और कहा कि बिना पशुपालन के खेती से अधिक उत्पादन लेना व किसान की आय दोगुना करना सम्भव नही है। इस लिए पशुपालन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। स्थापना दिवस के मौके पर कृषि विज्ञान केन्द्र में तकनीकी प्रदर्शनी लगायी गयी। जिसमें कृषि तकनीकि, गुणवत्ता और किसानों की आय बढ़ाने के लिये विभिन्न आईसीएआर संस्थानों द्वारा विकसित नई तकनीकियों को प्रदर्शित किया गया। इसके अलावा, मोटे अनाज को बढ़ावा देने के लिए मक्का, ज्वार, बाजरा, रागी, सांवा और अन्य फसलों के लिए पर्यावरण-अनुकूल प्रौद्योगिकियों को भी प्रदर्शित की गयी। इस कार्यक्रम में कुल 95 किसानों व महिलाओं ने सहभागिता की तथा केन्द्र के हेड डा0 एके श्रीवास्तव, डा0 नवीन सिंह, डा0 भाष्कर शुक्ला, श्रीमती स्वाती दीपक दुबे, डा0 अवधेश सिंह, श्री महेन्द्र प्रताप सिंह, श्री प्रदीप कुमार सिंह, डा0 रणजीत सिंह, यतेन्द्र कुमार, विनोद चौरसिया, जुगुल किशोर तिवारी, रविशंकर, जीआर पटेल सुमित समेत कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक तथा बड़ी संख्या में कृषक गण मौजूद रहे।



उत्तरप्रदेश









शेयर करें




































































