खेत में गिरे बिजली के तार की चपेट में गंभीर रूप से झुलसा युवक, रेफर
कुंडा-प्रतापगढ़। क्षेत्र में हुई तीन अलग-अलग घटनाओं से बिजली के करंट की चपेट में आने से एक अधेड़ तथा एक बालिका की मौत हो गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया है। इलाज के लिए उसे प्रयागराज रेफर किया गया है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने दोनों शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा है। महेशगंज थाना क्षेत्र के नरियावा गांव निवासी दीप नारायण तिवारी 52 वर्ष पुत्र उमेश तिवारी की नलकूप की मोटर को चालू करने के लिए बिजली के तार से जोड़ रहे थे। इसी दौरान वह बिजली के करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। जब तक परिजनों को जानकारी होती तब तक काफी विलंब हो चुका था। गंभीर रूप से झुलसे अधेड़ को आनन-फानन में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुंडा ले जा रहे थे रास्ते में उनकी सांसे थम गई। जहा हॉस्पिटल पहुंचने पर डॉक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। शव के घर पहुंचने पर परिजनों में रोने पीटने चिल्लाने से कोहराम मच गया। सभी का रो रोकर बुरा हाल होने लगा। पुलिस को बिना सूचना दिए परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। दूसरी घटना कुंडा कोतवाली क्षेत्र के खेमीपुर नसीर उल्लाहपुर गांव की है। जहां पर भुंदल शुक्ला के घर के अंदर कमरे में फर्राटा पंखा चल रहा था। सीलन की वजह से पंखे में जो तार लगा हुआ था वह कहीं से कट गया था, लेकिन इसकी किसी को जानकारी नहीं थी। भुंडल की बेटी रागिनी 10 वर्ष घर के अंदर काम कर रही थी। इसी दौरान उसने तार को उठा लिया तार के उठाते हुए करंट की चपेट में आ गई। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। जानकारी होते ही परिजन तत्काल स इलाज के लिए सीएससी कुंडा ले गए जहां देखते ही डॉक्टर ने बालिका को मृत घोषित कर दिया। शव घर पहुंचने पर परिजनों में कोहराम मच गया। तीसरी घटना महेशगंज थाना क्षेत्र के राजापुर बिंधन गांव की है। जहां अजय सिंह 45 वर्ष पुत्र स्वर्गीय प्रदीप सिंह के घर दूर से बांस बल्ली के सहारे बिजली तार से बिजली आई है। रात्रि में वह खंभे से खुलकर नीचे गिर गया था। तार कहीं-कहीं कटा भी था। अजय सिंह खेत में बरसीम काटने के लिए जा रहे थे। खेत में बिजली के गिरे हुए तार को देखकर वह हाथ से उठाकर रास्ते से बगल रखना चाहते थे। जैसे ही वह तार को छूए करंट की चपेट में आ गए। आसपास के लोगों ने देखकर उन्हें बचाने दौड़े, बिजली के तार से अलग कर तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुंडा ले जाकर भर्ती कराया। उपचार के बाद भी हालत में अधिक सुधार न होने पर बेहतर इलाज के लिए स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय प्रयागराज रेफर कर दिया। जहां उनका इलाज चल रहा है। हलांकि वह अब खतरे के बाहर बताए जा रहे हैं।



उत्तरप्रदेश









शेयर करें




































































