लोकमित्र ब्यूरो
नैनी (प्रयागराज)। प्राथमिक विद्यालय तेंदुआवन, विकासखंड चाका की शिक्षिका ममता मिश्रा द्वारा विद्यालय के छात्र – छात्राओं को एक दिवसीय स्थानीय शैक्षणिक भ्रमण पर आनंद भवन, जवाहर तारामंडल, शहीद चंद्रशेखर आजाद पार्क, इलाहाबाद म्यूजियम आदि ऐतिहासिक व राष्ट्रीय धरोहरों का भ्रमण करवाया गया। ग्राम प्रधान तेंदुआवन अनिल पांडेय द्वारा हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ करते हुए सरकारी विद्यालय में अध्ययनरत छात्र – छात्राओं के शैक्षणिक भ्रमण को अभूतपूर्व व बच्चों के शैक्षणिक विकास के लिए हितकर बताया। इस मौके पर अभिभावकों सहित ग्रामवासियों की भारी भीड़ बच्चों को भ्रमण हेतु विदा करने आयी। स्थानीय ग्रामवासिनी सुराजा देवी ने बड़े भावुक स्वर में बताया कि ‘उनकी बेटी आकांक्षा आसपास के अमीरों के प्राइवेट स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को इस तरह के भ्रमण पर जाते देख अक्सर मायूस हो जाती थी लेकिन गरीबी और आर्थिक तंगहाली के चलते उसका प्राइवेट विद्यालय में पठन – पाठन संभव नहीं था। आज मैडम ने यह सपना भी पूरा कर दिया’। इसके अतिरिक्त विद्यालय के छात्र विष्णु की मां और अन्य अभिभावकों ने शिक्षिका को अपने स्तर से नि:शुल्क शैक्षणिक भ्रमण के आयोजन हेतु भूरि-भूरि सराहा व दुआएं दी। भ्रमण के उपरांत छात्र-छात्राओं ने तारामंडल और म्यूजियम के अपने – अपने अनुभव साझा किए, जहां छात्र सचिन ने बड़े होकर एस्ट्रोनॉट बनने के लिए अब से मन लगा कर पढ़ने का निश्चय किया। वहीं सनी और समीर जुड़वा भाईयों ने स्वतंत्रता सेनानियों से प्रेरित होते हुए सेना में जाकर देश सेवा करने का संकल्प लिया। विद्यालय की शिक्षिका ममता मिश्रा ने इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण को बच्चों के शारीरिक, मानसिक और संवेगात्मक विकास के लिए अत्यंत लाभकारी बताया। बकौल ममता बच्चे आज तक महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू, चंद्रशेखर आजाद आदि वीर सेनानियों के विषय में सिर्फ पढ़ते चले आएं हैं लेकिन आज शैक्षणिक भ्रमण के दौरान संबंधित चीजों को देख सुनकर वास्तविक रूप से आत्मसात करने का मौका मिला।



उत्तरप्रदेश








शेयर करें




































































