समय के साथ लोगों के जीवन में हो रहे हैं अनेक तरह के बदलाव एसआरएन में कॉस्मेटिक सर्जरी के लिए हर महीने पहुंच रहे 36 से 38 लोग
विजय सक्सेना
प्रयागराज। बदलते समय में शहरी लोगों के जीवन में भी बदलाव हो रहा है। खास कर फैशन को लेकर लोग ज्यादा आधुनिक हो रहे हैं। इसी का असर है कि लोग अब कॉस्मेटिक सर्जरी की तरफ तेजी से आकर्षित हो रहे हैं। खुद को सुंदर दिखाने के लिए लोग चेहरे की कॉस्मेटिक सर्जरी कराने में अब पीछे नहीं है। यही कारण है कि प्रयागराज के स्वरूपरानी नेहरू मेडिकल अस्पताल (एसआरएन) में हर महीने 36 से 38 लोग कॉस्मेटिक सर्जरी कराने पहुंच रहे हैं। युवाओं में खुद को सुंदर दिखाने का फैशन हमेशा से रहा है।अपने शरीर और उसकी बनावट के लिए अभी तक बड़े शहरों में कॉस्मेटिक सर्जरी का क्रेज दिखता था। सर्जरी कराने के शौकीन इसके लिए भी तैयार रहते हैं लेकिन अब संगम नगरी प्रयागराज में भी इसे लेकर युवा और अधेड़ उम्र के लोगों में क्रेज बढ़ने लगा है। एसआरएन में बने सुपर स्पेशियलिटी पीएमएसवाई भवन के कॉस्मेटिक सर्जरी विभाग में महीने में 36 से 38 लोग अपने चेहरे समेत अन्य अंगों को संवारने पहुंच रहे हैं। पिछले तीन माह में इसमें तेजी आई है। इस अवधि में प्रत्येक माह में नाक की सर्जरी (राइनोप्लास्टी) के आठ से 10 सर्जरी, लड़कों की छाती बढ़ने (गायनोक्मेस्टिया) की सर्जरी के 15 से 20, चर्बी कम करने के लिए होने वाली (लाइकोसेक्शन) सर्जरी, महिलाओं में स्तन बड़ा या छोटा करने के लिए होने वाले (ब्रेस्ट आग्मेंटेशन) या ( ब्रेस्ट रिडक्शन) सर्जरी के दो से चार मामले आ रहे हैं। होठों को मोटा या पतला करने की सर्जरी के लिए भी युवा आ रहे हैं। इसके अलावा गर्भावस्था के बाद महिलाओं में पेट की चर्बी बढ़ने या पेट फूलने जैसी समस्या भी सामने आती है। एसआरएन में एब्डाग्नीयो प्लास्टिक कॉस्मेटिक सर्जरी की सुविधा के जरिए इसे कम कराने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंच रहीं हैं।
एसआरएन में कम खर्च में हो रही सर्जरी
पहले छोटे शहरों में कॉस्मेटिक सर्जरी को लेकर ज्यादा जागरूकता नहीं थी लेकिन समय के साथ हुए बदलाव का असर अब दिखने लगा है। पहले यह सर्जरी काफी महंगी थी और पैसे वाले लोग ही इसे कराते थे लेकिन अब ऐसा नहीं है। निजी अस्पताल में कॉस्मेटिक सर्जरी की शुरुआत 60 हजार से दो लाख रुपये या उससे अधिक होती है। जबकि एसआरएन में यही सर्जरी महज 10 से 13 हजार रुपये में हो रही है।
पहले के मुकाबले कॉस्मेटिक सर्जरी के लिए लोगों में जागरूकता आने और एसआरएन में सुविधा बढ़ने के बाद यह बदलाव दिख रहा है। इसके लिए नया प्रपोजल भी तैयार कराया जा रहा है जिसमें प्रत्येक सप्ताह के बुधवार को कॉस्मेटिक सर्जरी ही रखी जाएगी।
डॉ मोहित जैन
प्रमुख सर्जरी विभाग



उत्तरप्रदेश







शेयर करें



































































