आम आदमी पार्टी के बौद्ध प्रान्त प्रभारी अनुराग मिश्र ने ऐसा न करने पर दी आंदोलन की चेतावनी
सराय सुल्तानी में ब्राह्मणों के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी से समाज में पनप रहा है आक्रोश
लोकमित्र ब्यूरो
प्रतापगढ़। रानीगंज के सराय सुल्तानी में विधायक डॉ.आरके वर्मा की मौजूदगी में ब्राह्मणों के खिलाफ जमकर अभद्र टिप्पणियां की गईं। इसके लिए डॉ वर्मा ब्राह्मण समाज से माफी मांगें। ऐसा न करने पर उनके खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। उक्त चेतावनी आम आदमी पार्टी के बौद्ध प्रान्त प्रभारी और रानीगंज विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी डॉ. अनुराग मिश्र ने दी। उन्होंने कहाकि उक्त गांव में आयोजित अर्जक संघ के 10वें जिला सम्मेलन में राजेन्द्र यादव नामक एक सपा नेता ने ब्राह्मणों के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां करते हुए जमकर जहर उगला। मंच से यादव ने यहां तक कहाकि जिस दिन दूसरे समाज के लोग एक हो जाएंगे वे ब्राह्मणों को पीटने लायक हो जाएंगे। उसका यह कथन जातीय वैमनस्यता को बढ़ावा देने के साथ ही वर्ग संघर्ष के लिए प्रेरित करने वाला है। अफसोस की बात यह है कि मंच पर मौजूद विधायक डॉ. वर्मा ने न तो उसे रोका और न हि अपने वक्तव्य में उसके संबोधन की निंदा ही की। इससे प्रतीत होता है कि यादव को उनका समर्थन प्राप्त था। इस मामले को लेकर पूरे ब्राह्मण समाज में आक्रोश व्याप्त है। डॉ. मिश्र ने विधायक डॉ. वर्मा को पत्र लिखकर ब्राह्मण समाज से माफी मांगने की अपील की है। डॉ मिश्र ने कहा कि रानीगंज के पूर्व विधायक धीरज ओझा की कार्यशैली से नाराज हजारों ब्राह्मण परिवारों ने डॉ. वर्मा का खुला समर्थन करते हुए उन्हें वोट दिया और अपना विधायक बनाया। आज विधायक अपनी मौजूदगी में अपनी ही पार्टी के छुटभैये नेताओं से ब्राह्मण समाज को गाली दिलवा रहे हैं, जो बेहद शर्मनाक है। उन्होंने जानबूझकर रानीगंज विधानसभा के सामाजिक ताने-बाने को खराब करने की कोशिश की है। इसके जरिए जातियों के बीच नफरत का बीज डाल अपनी राजनीतिक खेती लहलहाना चाहते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर विधायक ने 72 घंटे के भीतर ब्राह्मण समाज से सार्वजनिक माफी नहीं मांगी तो ब्राह्मण समाज एकजुट होकर उनके खिलाफ आंदोलन शुरू करेगा।



उत्तरप्रदेश








शेयर करें




































































