प्लेटफॉर्म की दुर्दशा पर जीएम ने अधिकारियों को लगाई फटकार
निरीक्षण कर रहे जीएम को शिकायत पुस्तिका में मिली खामियां, एसएस से जवाब मांगा
प्रतापगढ़। शनिवार को प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने आए रेल महाप्रबंधक एनआर नई दिल्ली आशुतोष गंगल कंप्लेन बुक देखकर नाराज हो गए। उसमें यात्रियों की शिकायतों की जांच न करके उसकी लीपापोती की गई थी। जीएम ने सख्त लहजे में कहा है कि यात्रियों की शिकायतों की पहले जांच करके उस पर कार्रवाई की जाय। उसके बाद सुलह समझौते वाली बात होनी चाहिए। उन्होंने स्टेशन अधीक्षक से इसका जवाब मांगा है। जीएम प्लेटफॉर्म की दुर्दशा से काफी नाराज दिखे। इसके लिए उन्होंने ज़िम्मेदार अधिकारियों को फटकार लगाई। बोले की प्लेटफॉर्म का जल्द विस्तार किया जाए। जिससे यात्रियों को आने जानें में दिक्कत न होने पाएं। जगेसरगंज स्टेशन के पास रास्ते की मांग कर रहे ग्रामीणों और किसान यूनियन के नेता जीएम से मिले उन्हें समस्या बताई। जिसका निस्तारण करने का भरोसा डीआरएम ने दिया है। इस दौरान वेटिंग हाल और सर्कुलेटिंग एरिया का भी निरीक्षण अधिकारियों ने किया। उन्होंने यात्री सुविधाओं को बढ़ाने का निर्देश दिया है। बनारस से लखनऊ जाते समय जीएम स्पेशल ट्रेन से यहां पर आए थे। उनके साथ डीआरएम और अधिकारियों की टीम थी। निरीक्षण के दौरान जीएम ने शिकायत पुस्तिका को देखा तो चौंक गए। उसमें वाणिजय विभाग के कर्मचारी की यात्री ने शिकायत की थी। बाद में उसने अपनी शिकायत वापस भी ले ली थी। जीएम को यहां के जिम्मेदार अधिकारियों का खेल समझते देर नहीं लगी। उन्होंने पूछा यात्री की शिकायत पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई। इसका जवाब किसी के पास नहीं था। हालांकि डीआरएम को बताया गया कि कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।इस मौके पर मेंस यूनियन के शाखा मंत्री अनिल कुमार शुक्ला के नेतृत्व में कर्मचारी समस्याओं को लेकर जीएम को ज्ञापन दिया गया। जिसमें पार्सल पोर्टर द्वारा काम न करने की शिकायत भी की गई है। इस मौके पर मनीष पाण्डेय, वीके तिवारी, बबिता पाण्डे समेत कई नेता मौजूद थे। एसएस शमीम ने जीएम का स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान एडीईएन डोरीलाल, आरपीएफ इंस्पेक्टर सीपी मिश्रा जीआरपी एसओ अवनीश कुमार, सुपरवाइजर भरत यादव, क्रू आरके गुप्ता, सीआईटी, सीआरएस और सीएमआई समेत कई कर्मचारी अधिकारी मुस्तैद थे। दस मिनट ठहराव के बाद ट्रेन चिलबिला स्टेशन की तरफ रवाना हो गई।
अंतू में किया विंडो निरीक्षण
जीएम की स्पेशल ट्रेन अंतू रेलवे स्टेशन पर भी रूकी थी। इस दौरान जीएम आगे से उतरकर पीछे आए और विंडो निरीक्षण करते हुए आगे निकल गए।
अभिशाप और वरदान बना रेलवे
पूर्व विधायक बृजेश मिश्र सौरभ ने अंतू रेलवे स्टेशन को रेलवे की नजरिए से वरदान और अभिशाप बताया है। कहा कि ट्रेनों तो मिली लेकिन यहां की बाजार को खतम कर दिया गया है। जगेसरगंज में अंडरपास की मांग को उन्होंने जायज बताया। कहा कि इस संबंध में वे जल्द डीआरएम से मिलेंगे।



उत्तरप्रदेश








शेयर करें




































































