मेजारोड सहित दर्जनों गांवों में पेयजल के लिए मची हाय तौबा
विभाग के अधिकारी व्यवस्था को लेकर हैं लापरवाह
लोकमित्र ब्यूरो
मेजा (प्रयागराज)। जल निगम विभाग की लचर व्यवस्था की वजह से लखनपुर पेयजल समूह योजना पूरे सप्ताह से ठप पड़ी है।इससे जुड़े दर्जनों गांव के साथ मेजारोड मे पेयजल के लिए हाय तौबा मची हुई है। सरकार की हर घर नल से जल आपूर्ति की व्यवस्था पर सम्बंधित योजना से जुड़े अधिकारी पलीता लगा रहे हैं। पेयजल योजना से जुड़े मेजारोड के दुकानदार लल्लू गुप्ता की माने तो सप्ताह भर से जलापूर्ति ठप है।बाजार के अधिकांश हैण्डपम्प खराब पड़े हैं, जिस वजह से व्यापारियों को दूर दराज से पीने के पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है।इससे जुड़े ग्राहक मुन्ना पांडेय ने चौकाने वाली जानकारी दी है।उन्होंने बताया कि दर्जनों गांवों और बाजार को पानी सप्लाई करने वाली यह योजना कटआउट की खराबी से ठप पड़ी है। इसके पूर्व भी फ्यूज वायर जैसी छोटी कमी की वजह से यहां योजना बन्द रही है।इस हकीकत पर लोग सिर्फ माथा ही पीट सकते हैं।यदि भीषण गर्मी में कटआउट और फ्यूज वायर की वजह से योजना सप्ताह भर ठप रहती है तो निश्चित ही यह विभाग की घोर लापरवाही मानी जायेगी।
बतादें की लखनपुर पेयजल योजना से लखनपुर,विसहिजन कला,जगेपुर, कोटहा, उरुवा,लोटाढ़,भड़ेवरा सहित दर्जनों गांव के साथ मेजारोड और उरुवा जैसे बाजारों के जलापूर्ति का जिम्मा है।विभागीय लापरवाही का आलम यह है कि अवर अभियंता कभी कभार योजना का जायजा लेने आते है। योजना पर तैनात कर्मचारियों के पास कोई इस तरह की व्यवस्था नही दी गयी है कि वह छोटी कमियों को दूर कर इसे संचालित कर पाएं।इससे जुड़े ग्राहकों ने इसकी जांच कर जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है।



उत्तरप्रदेश








शेयर करें




































































