सीएलपी नेता मोना ने महिलाओं को सशक्त प्रतिनिधित्व के लिए प्रियंका के मिशन को बताया सार्थक कदम
लालगंज, प्रतापगढ़। केन्द्रीय कांग्रेस वर्किग कमेटी के सदस्य प्रमोद तिवारी ने कहा है कि पंचायत तथा निकाय प्रणाली को स्वायत्तशासी आत्मनिर्भर बनाने मे कांग्रेस ने अपने संवैधानिक कर्तव्यों का मजबूत निर्वहन किया है। श्री तिवारी ने कहा कि स्वर्गीय प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने पंचायतीराज विधेयक पारित कर पंचायतों को जनाकांक्षी विकास से जुड़े आर्थिक आत्मनिर्भरता को लेकर सबसे बड़ा कदम उठाया। उन्होनें कहा कि युवा मताधिकार तथा सूचना अधिकार जैसे जनता को सौंपे गये कांग्रेस कार्यकाल मे देश को मिले निर्णय से मौलिक अधिकारों को मजबूती मिल सकी है। वहीं कांग्रेस विधानमण्डल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि महिलाओं को पंचायतो मे उनका बड़ा हिस्सा प्रदान कर कांग्रेस ने देश की महिलाओं को स्वावलम्बी बनाने के लिए क्रांतिकारी कदम उठाये। आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने यूपी मे महिलाओं को लेकर जिस विशेष घोषणा पत्र को निर्गत किया है और टिकट मे भी वह खरी उतरीं इसे देखकर विपक्ष महिला सशक्तीकरण के मुददे पर खामोश होने को विवश देखा जा रहा है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी तथा सीएलपी नेता आराधना मिश्रा मोना ने यह बातें शुक्रवार को लालगंज स्थित कैम्प कार्यालय पर पंचायत प्रतिनिधियों के समूह संवाद मे व्यक्त किये। वहीं प्रदेश के दूसरे व तीसरे चरण के दौरे पर रवाना होने से पूर्व प्रमोद तिवारी ने मीडिया से बातचीत मे कहा कि जिस तरह से आरबीआई ने देश मे मौजूदा तिमाही मे मंहगाई के अभी और ऊँची दर की आशंका जताई है उससे यह साफ हो गया है कि मोदी सरकार पूंजीपतियों को खुश रखने मात्र के लिए गरीब और मध्यम वर्ग से बेपरवाह बनी हुई है। श्री तिवारी ने एमपीसी की तीन दिन तक हुई बैठक की रिर्पोट का हवाला देते हुए कहा कि इसके तहत जब केन्द्रीय बैंक के गर्वनर शक्तीकांत दास स्वयं यह स्वीकार कर रहे है कि आगामी मार्च तक तिमाही मे मंहगाई दर ऊंची बनी रहेगी। सीडब्ल्यूसी मेंबर प्रमोद तिवारी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने नोटबंदी और जीएसटी की विसंगतियों के प्रभाव को न समझते हुए छोटे एवं मझले कारोबार पर जिस तरह से नुकसान पहुंचाया है उसी का नतीजा है कि देश रोजगार के संकट तथा प्रवासी मजदूरों के हाथ से काम ठप होने की पीड़ा झेल रहा है। प्रमोद तिवारी ने कहा कि मंहगाई के साथ साथ जिस तरह से आर्थिक विकास की दर असंतुलित हुई है वह इस समय की राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था के लिए सबसे खतरनाक चुनौती है। सीडब्ल्यूसी मेंबर प्रमोद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बेरोजगारी, गरीबी तथा कर्ज की गंभीर चुनौतियों पर चुप हैं जबकि लगातार देश को चौकानें वाले तथ्य मिल रहे हैं कि बेरोजगारी, कर्ज या दिवालिया होने के कारण आत्महत्या का राष्ट्रीय आंकडा भी तेजी से बढ़ने की ओर है। इधर कांग्रेस विधानमण्डल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने दोपहर बाद रामपुर खास विधानसभा क्षेत्र के पूरे मुरली, डभियार मे आयोजित जनसभाओं मे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को लेकर अब तक की उपलब्धियों का खाका खींचा। विधायक मोना ने कहा कि उनका मिशन रामपुर खास के नवस्वीकृत मंगापुर उदयपुर ब्लाक तथा अमेठी वाया अठेहा-ऊंचाहार रेल परियोजना को संचालित कराने की प्राथमिकता के जरिए क्षेत्रीय विकास के सूचकांक को बढ़ाने और क्षेत्र मे उद्योग का माहौल तैयार करने पर केन्द्रित नजर आयेगा। विधायक आराधना मिश्रा मोना ने दौरे मे लालगंज संयुक्त अधिवक्ता संघ के उपाध्यक्ष संतोष पाण्डेय के अमांवा स्थित आवास पर पहुंचकर हाल ही मे उनके दिवंगत पिता रामशिरोमणि पाण्डेय की स्मृति मे आयोजित कार्यक्रम मे भी शामिल हुई। इस मौके पर मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल, डा. प्रवीन सागर शुक्ल, आशीष उपाध्याय, रोहित शुक्ल, केडी मिश्र, अमित सिंह, संतोष द्विवेदी, सिंटू मिश्र, लोकेश मिश्र, धीरेन्द्र पाण्डेय, दिनेश मिश्र, अखिलेश मिश्र, चंदन सिंह, नागेश मिश्र, संजय पाण्डेय, विपिन पाण्डेय, धर्मेन्द्र मिश्र, हृदय नारायण मिश्र, श्रीधर तिवारी, मुरलीधर तिवारी, आशुतोष मिश्र आदि रहे।



उत्तरप्रदेश








शेयर करें




































































