नियंत्रण के लिए बुलानी पडी पुलिस।
कटरा गुलाब सिंह,प्रतापगढ़। अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा गुलाब सिंह में आज सुबह कोविड-19 के टीकाकरण के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और घण्टेभर में लम्बी लम्बी कतार लग गयी।प्रभारी डाक्टर को भीड़ नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बुलाना पड़ा। किंतु उपलब्ध 200 खुराक के 2 घंटे में खत्म होते ही अस्पताल में अफरा तफरी मच गई। स्वास्थ्य कर्मियों को कोसते हुए करीब 500 लोगों को वापस लौटना पड़ा। खुराक के सीमित होने की सूचना न दिये जाने से घण्टों कतार में लगे लोग आक्रोशित हुए तो पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा यहां अधिकारी अगले टीकाकरण की तिथि भी नही बता पा रहे थे इससे लोग ज्यादा परेशान थे।क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय पूरे सुखदेव में भी कोविड टीकाकरण का कैम्प लगा तो वहां भी लोगों की भारी भीड़ जमा हुई, लेकिन खुराक की कमी के कारण यहां भी सैकड़ों ग्रामीणों को वापस लौटना पड़ा।इस अव्यवस्था से लोगों को भारी निराशा हुई। खुराक की कमी के सम्बंध में एच ई ओ शिवलाल यादव ने बताया कि मान्धाता ब्लॉक में कुल 21 केंद्रों पर टीकाकरण चल रहा है।सभी केंद्रों पर केवल दो सौ खुराक ही उपलब्ध है।इसलिए कटरा गुलाब सिंह के लिए भी केवल दो सौ खुराक ही मिली है।उन्होंने बताया कि अगले दिन के टीकाकरण के सम्बंध में आज जानकारी दे पाना सम्भव नहीं होता है।कटरा गुलाब सिंह में पिछले दिनों लगाए गए टीकाकरण कैम्प में इतनी भीड़ नही हुई थी किन्तु धीरे धीरे लोगों में जागरूकता बढ़ रही है।साथ ही टीकाकरण के लिए अचानक भीड़ बढ़ने का कारण यह भी है कि लोगों में भ्रम फैल गया है कि कोविड टीकाकरण प्रमाणपत्र के बिना कोटेदार राशन नहीं देगा,बैंक से पैसा नहीं निकलेगा,ट्रेन,बस से यात्रा नहीं कर पाएंगे।स्कूल कालेज,परीक्षा और कोचिंग में प्रवेश नही मिलेगा।सभी सरकारी सुविधा बन्द कर दी जाएगी।इसीलिए कोविड टीकाकरण कैम्प में अब अचानक भीड़ बढ़ने लगी है।



उत्तरप्रदेश








शेयर करें




































































